रायपुर। धरसींवा विधानसभा के जरौदा स्थित नूतन इस्पात फैक्ट्री में बड़ा हादसा हो गया। यहां काम के दौरान करंट लगने से एक मजदूर अनिल यादव की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने फैक्ट्री गेट पर धरना शुरू कर दिया। मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की गई है।

काम के दौरान करंट की चपेट में आए तीनों मजदूर

जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में तीन मजदूर नियमित कार्य कर रहे थे। तभी वे अचानक करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। प्रबंधन ने तीनों को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अनिल यादव को मृत घोषित कर दिया। दो घायलों का इलाज जारी है और डॉक्टरों की नजर बनी हुई है।

सुरक्षा मानकों पर फिर उठे सवाल

मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल व फैक्ट्री के बाहर जुट गए। उनका आरोप है कि औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होते। अगर सुरक्षा मानकों का पालन होता तो हादसा टल सकता था। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मांगें पूरी होने तक धरना जारी रहेगा। मौके पर पुलिस-प्रशासन के अधिकारी समझाइश में जुटे हैं।

See also  CG News: छत्तीसगढ़ के रायपुर सहित 8 शहरों में लगेंगे बायो-सीएनजी प्लांट

प्रशासन ने शुरू की जांच

पुलिस और संबंधित विभाग ने जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। यह भी जांचा जा रहा है कि फैक्ट्री में विद्युत सुरक्षा और श्रम सुरक्षा नियमों का पालन हो रहा था या नहीं। लापरवाही मिली तो नियमानुसार कार्रवाई होगी। 

गौरतलब है कि धरसींवा क्षेत्र में बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयां हैं और ऐसे हादसे पहले भी हो चुके हैं। श्रमिक संगठनों ने सुरक्षा मानकों की नियमित समीक्षा की मांग की है। फिलहाल परिजन न्याय और मुआवजे की मांग पर अड़े हैं।