मुंबई। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी बहुचर्चित फिल्म ‘रामायण: पार्ट वन’ ने रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर गदर मचाना शुरू कर दिया है। रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी स्टारर इस फिल्म की रिलीज में अभी 5 दिन बाकी हैं, लेकिन एडवांस बुकिंग के आंकड़े होश उड़ाने वाले हैं। भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी फिल्म को लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है।
40 करोड़ के पार पहुंची एडवांस बुकिंग
31 अक्टूबर की दोपहर तक फिल्म ने दुनियाभर में एडवांस बुकिंग से 40 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर भी रफ्तार तेज हो गई है और शनिवार तक भारत में स्क्रीन्स की संख्या बढ़कर करीब 2,500 हो गई है।
अकेले भारत में 3 लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं और फिल्म ने 16.5 करोड़ रुपये की एडवांस कमाई कर ली है। हिंदी के अलावा कन्नड़ वर्जन को भी शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है, जहां इसे 150 से ज्यादा स्क्रीन्स पर दिखाया जा रहा है। वहीं तेलुगु और तमिल में भी बुकिंग तेजी से शुरू हो रही है।
नॉर्थ अमेरिका में भी दिखा फैंस का पागलपन
‘रामायण’ का क्रेज सात समंदर पार भी सिर चढ़कर बोल रहा है। अमेरिका में 4 नवंबर की शाम को फिल्म के पेड प्रीव्यू रखे गए हैं। लॉस एंजिल्स में हुए वर्ल्ड प्रीमियर के बाद एडवांस बुकिंग में 27% का बड़ा उछाल आया है। विदेशों में एडवांस बुकिंग 2.5 मिलियन डॉलर तक पहुंच गई है, जिसमें अकेले अमेरिका से एक मिलियन डॉलर से ज्यादा की कमाई शामिल है।
5 भाषाओं में होगी रिलीज
प्राइम फोकस स्टूडियो और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के बैनर तले बनी इस भव्य फिल्म में रणबीर कपूर (भगवान राम), साई पल्लवी (माता सीता) और यश (रावण) के अलावा सनी देओल, रवि दुबे और अनुपम खेर जैसे दिग्गज कलाकार नजर आएंगे। यह फिल्म 5 नवंबर 2026 को हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम समेत पांच भाषाओं में सिनेमाघरों में तहलका मचाने के लिए पूरी तरह तैयार है।



