TRAI New Rules: प्रीपेड मोबाइल यूजर्स के लिए रिचार्ज से जुड़ा नया बदलाव सामने आया है। टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) ने 22 सितंबर 2026 को Telecom Consumers Protection (13th Amendment) Regulations, 2026 जारी किए हैं। इन नियमों के तहत 30 दिन की वैलिडिटी वाले रिचार्ज विकल्प और Voice-SMS Only प्लान उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है। राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने रविवार को इसका स्वागत करते हुए इसे कम बजट वाले उपभोक्ताओं के लिए राहत वाला कदम बताया।
राघव चड्ढा ने अपने X अकाउंट पर वीडियो जारी कर नए नियमों के फायदे बताए। उन्होंने कहा कि 30 दिन की वैलिडिटी वाले प्लान आने से उन लोगों को फायदा होगा, जो मोबाइल का इस्तेमाल मुख्य रूप से कॉल और SMS के लिए करते हैं।
साल में 13 नहीं, 12 बार रिचार्ज की जरूरत
राघव चड्ढा ने कहा कि कई प्रीपेड प्लान 28 दिन की वैलिडिटी के साथ आते थे। ऐसे में 12 महीने के साल में यूजर्स को कई बार 13वां रिचार्ज भी करना पड़ता था। अब 30 दिन की वैलिडिटी वाले विकल्प मिलने से साल में 12 रिचार्ज का विकल्प उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि नए नियमों से उपभोक्ताओं को अपनी जरूरत के हिसाब से प्लान चुनने की ज्यादा आजादी मिलेगी। खासकर ऐसे ग्राहकों के लिए विकल्प बढ़ेंगे, जिन्हें मोबाइल डेटा की जरूरत नहीं होती।
डेटा नहीं चाहिए तो सिर्फ Voice और SMS वाला प्लान
TRAI के नए फ्रेमवर्क में Voice और SMS Only Special Tariff Vouchers यानी STV की उपलब्धता बढ़ाने का प्रावधान है। टेलीकॉम कंपनियों को अलग-अलग वैलिडिटी वाले डेटा बंडल प्लान के अनुरूप Voice-SMS Only विकल्प भी देने होंगे। इन प्लान की कीमत में उचित कमी का प्रावधान भी किया गया है। इसका मतलब है कि जिन यूजर्स को इंटरनेट डेटा की जरूरत नहीं है, उन्हें डेटा वाले पैक के साथ ही रिचार्ज करने की जरूरत नहीं होगी। वे अपनी जरूरत के मुताबिक सिर्फ कॉल और SMS वाला विकल्प चुन सकेंगे।
11 मार्च को संसद में उठाया था मुद्दा
राघव चड्ढा ने कहा कि उन्होंने 11 मार्च 2026 को संसद में प्रीपेड रिचार्ज से जुड़ा यह मुद्दा उठाया था। उस दौरान उन्होंने उपभोक्ताओं के लिए ज्यादा विकल्प और किफायती रिचार्ज प्लान की मांग की थी। रविवार को नए नियमों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने सरकार और TRAI का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की ओर से उन्हें सीमित और कम लचीले रिचार्ज विकल्पों को लेकर कई चिंताएं मिली थीं।
TRAI के नए नियमों में क्या बदला?
नए नियम Special Tariff Vouchers के ढांचे में बदलाव करते हैं। TRAI के मुताबिक, पहले Voice और SMS Only STV की उपलब्धता सीमित थी। अब अलग-अलग वैलिडिटी वाले विकल्पों को बढ़ाने पर जोर दिया गया है। नियमों के तहत 30 दिन या उससे कम वैलिडिटी वाले Voice-SMS Only विकल्प उपलब्ध कराने का प्रावधान है। इसके अलावा कम से कम एक ऐसा प्लान भी होना चाहिए, जिसे हर महीने उसी तारीख को रिन्यू किया जा सके। अगर किसी महीने में वह तारीख मौजूद नहीं है, तो उस महीने के आखिरी दिन रिन्यूअल होगा। इन बदलावों का मकसद प्रीपेड यूजर्स को उनकी वास्तविक जरूरत के हिसाब से रिचार्ज चुनने का विकल्प देना है। खासतौर पर उन उपभोक्ताओं को इससे विकल्प मिलेंगे, जिन्हें मोबाइल इंटरनेट की जरूरत कम या बिल्कुल नहीं होती।



