Ajay Chandrakar Viral Video: पूर्व मंत्री और भाजपा नेता अजय चंद्राकर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वे किसानों के बीच धान की फसल के लिए बांध से पानी छोड़े जाने को लेकर एक अधिकारी पर नाराजगी जाहिर करते नजर आ रहे हैं।
इसी दौरान उन्होंने अधिकारी को लेकर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने अजय चंद्राकर पर निशाना साधा है।
अधिकारी की बात पर भड़के अजय चंद्राकर
वायरल वीडियो में अजय चंद्राकर किसानों के बीच अधिकारियों से हुई बातचीत का जिक्र कर रहे हैं। वे कहते सुनाई दे रहे हैं कि संबंधित ईई का कहना है कि ग्रामीण नेतागिरी कर रहे हैं। इसी बात पर प्रतिक्रिया देते हुए चंद्राकर ने अधिकारी के लिए कहा कि दिखता तो उसको गाड़ देता।
कांग्रेस ने साधा निशाना
वीडियो को लेकर कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने अजय चंद्राकर पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल से बाहर रहने के बाद अजय चंद्राकर फ्रस्ट्रेटेड हो गए हैं और लगातार अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। शुक्ला ने कहा कि भाजपा नेतृत्व को इस मामले पर संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि कई बार परिस्थितियां और मानसिक स्थिति सही नहीं रहती है।
सुशील आनंद शुक्ला ने क्या कहा?
कांग्रेस संचार प्रमुख ने तंज कसते हुए कहा कि अजय चंद्राकर एम्स जाकर अपना मानसिक चेकअप कराएं और थोड़ा आराम करें। उन्होंने कहा कि एक वरिष्ठ नेता अगर मानसिक संतुलन खोएगा तो इससे प्रदेश का नुकसान होगा।



