Three Law Officers Resign: छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में राज्य शासन की ओर से पैरवी करने वाले महाधिवक्ता कार्यालय में बड़ा फेरबदल हुआ है। कार्यालय के तीन विधि अधिकारियों ने एक साथ अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। महाधिवक्ता कार्यालय व विधि विधायी विभाग को सौंपे गए त्यागपत्र में लॉ अफसरों ने व्यक्तिगत कारणों के चलते पद छोड़ने की जानकारी दी है।
इस्तीफा देने वालों में उप महाधिवक्ता डॉ. सौरभ कुमार पांडेय, गवर्नमेंट एडवोकेट शैलजा शुक्ला और डिप्टी गवर्नमेंट एडवोकेट नितांश जायसवाल शामिल हैं। तीनों ने 6 अक्टूबर 2026 से पद छोड़ने के संबंध में अपना त्यागपत्र महाधिवक्ता कार्यालय को सौंप दिया है। महाधिवक्ता कार्यालय ने तीनों के इस्तीफे को विधि एवं विधायी कार्य विभाग के प्रमुख सचिव को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दिया है।
इस्तीफे की क्या है वजह?
डॉ. सौरभ कुमार पांडेय और नितांश जायसवाल ने अपने इस्तीफे में व्यक्तिगत कारणों और व्यक्तिगत परिस्थितियों का हवाला दिया है। दोनों ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि व्यक्तिगत कारणों व परिस्थितियों के चलते वे संबंधित पदों पर आगे बने रहने में असमर्थ हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मिली जिम्मेदारियों के निर्वहन का अवसर देने के लिए महाधिवक्ता, अन्य विधि अधिकारियों तथा कार्यालयीन कर्मचारियों से मिले सहयोग के लिए आभार भी जताया है।
वहीं डिप्टी गवर्नमेंट एडवोकेट शैलजा शुक्ला ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, हालांकि उनके पत्र में पद छोड़ने के निर्णय के अलावा कोई अन्य ठोस कारण स्पष्ट नहीं किया गया है।
पहले भी हो चुके हैं बड़े इस्तीफे
गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब महाधिवक्ता कार्यालय से इस्तीफे हुए हों। छत्तीसगढ़ के तत्कालीन महाधिवक्ता AG प्रफुल्ल एन. भारत ने 17 नवंबर 2025 को राज्यपाल रामेन डेका को अपना इस्तीफा भेजा था। उन्होंने इस्तीफे का विशेष कारण नहीं बताया था। उनके इस्तीफे के बाद विवेक शर्मा को नया महाधिवक्ता नियुक्त किया गया था। इसी तरह अतिरिक्त महाधिवक्ता Additional Advocate General रणवीर सिंह मरहास ने भी दिसंबर 2025 में विधि सचिव को अपना इस्तीफा सौंपा था।
FAQ: अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
Q1. किन तीन विधि अधिकारियों ने इस्तीफा दिया है?
Ans. उप महाधिवक्ता डॉ. सौरभ कुमार पांडेय, गवर्नमेंट एडवोकेट शैलजा शुक्ला और डिप्टी गवर्नमेंट एडवोकेट नितांश जायसवाल ने 6 अक्टूबर 2026 से पद छोड़ने के लिए इस्तीफा दिया है।
Q2. इस्तीफे की वजह क्या बताई गई है?
Ans. डॉ. सौरभ कुमार पांडेय और नितांश जायसवाल ने व्यक्तिगत कारणों और व्यक्तिगत परिस्थितियों का हवाला दिया है, जबकि शैलजा शुक्ला ने अपने पत्र में कोई विशेष कारण स्पष्ट नहीं किया है।
Q3. इससे पहले महाधिवक्ता कार्यालय से किसने इस्तीफा दिया था?
Ans. तत्कालीन महाधिवक्ता प्रफुल्ल एन. भारत ने 17 नवंबर 2025 को और अतिरिक्त महाधिवक्ता रणवीर सिंह मरहास ने दिसंबर 2025 में अपने पद से इस्तीफा दिया था, जिसके बाद विवेक शर्मा को नया महाधिवक्ता बनाया गया था।



