लखनऊ। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए हो रहे चुनाव की तस्वीर बुधवार को नामांकन पत्रों की जांच के बाद साफ हो गई। दो निर्दलीय प्रत्याशियों कांते सायन्ना और ओंकार नाथ चौरसिया के नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए। इसके बाद अब मैदान में भाजपा के आठ और समाजवादी पार्टी के दो प्रत्याशी ही बचे हैं। ऐसे में सभी 10 सीटों पर इनका निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है।
दोनों निर्दलीय प्रत्याशियों के नामांकन में आवश्यक प्रस्तावक संबंधी औपचारिकताएं पूरी नहीं होने की बात सामने आई है। नामांकन की जांच 7 अक्टूबर को हुई, जिसके बाद दोनों पर्चे निरस्त कर दिए गए।
अब मैदान में 10 प्रत्याशी
उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए कुल 12 नामांकन दाखिल हुए थे। इनमें भाजपा के आठ, सपा के दो और दो निर्दलीय प्रत्याशी शामिल थे। दोनों निर्दलीयों के पर्चे खारिज होने के बाद अब प्रत्याशियों की संख्या भी 10 रह गई है।
भाजपा की ओर से धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, राम प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह और श्रुति गंगवार मैदान में हैं। वहीं समाजवादी पार्टी ने प्रो. राम गोपाल यादव और धनराज नाथवानी को उम्मीदवार बनाया है।
9 अक्टूबर तक नाम वापसी का मौका
राज्यसभा चुनाव के कार्यक्रम के अनुसार 9 अक्टूबर नाम वापसी की अंतिम तारीख है। यदि इस अवधि में कोई प्रत्याशी नाम वापस नहीं लेता है, तो 10 सीटों के लिए बचे सभी 10 उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया जाएगा। ऐसे में 16 अक्टूबर को प्रस्तावित मतदान की जरूरत नहीं पड़ेगी। बता दें कि यूपी की इन 10 राज्यसभा सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है।
विधान परिषद चुनाव में भी कई पर्चे खारिज
इधर उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की खंड स्नातक और खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की 11 सीटों के लिए भी नामांकन पत्रों की जांच पूरी हो गई है। कुल 188 प्रत्याशियों में से 29 के नामांकन खारिज किए गए हैं। अब 159 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
विधान परिषद चुनाव के लिए 9 अक्टूबर तक नाम वापसी का मौका रहेगा, जबकि मतदान 23 अक्टूबर को होगा।
आगरा खंड स्नातक सीट पर सात नामांकन खारिज होने के बाद 13 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक में 15, लखनऊ खंड स्नातक में 17, मेरठ खंड स्नातक में 8 और वाराणसी खंड स्नातक में 24 प्रत्याशी बचे हैं।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में गोरखपुर-फैजाबाद से 17, लखनऊ से 13, मेरठ से 10 और वाराणसी से 10 प्रत्याशी मैदान में हैं। आगरा खंड शिक्षक और बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक सीट पर किसी भी प्रत्याशी का नामांकन रद्द नहीं हुआ। यहां क्रमश: 15 और 17 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।



