बुधवार, 7 अक्तूबर 2026 बुध, 7 अक्तू॰ |
संस्करण:
ब्रेकिंग न्यूज़
छत्तीसगढ़

इतना भारी-भरकम चालान कहां से पटायें हुजूर.. कहते हुए बिलख पड़ी महिलाएं, ट्रेफिक थाने में छाती पीट-पीट कर किया हंगामा, एएसपी ने बताया-क्यों किया गया चालान

BIG CHALLAN
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

Bilaspur: न्यायधानी के ट्रैफिक थाने में अजीबो-गरीब नजारा देखने को मिला। यहां दो महिलाओं ने जमकर रोना-गाना मचाया। इन महिलाओं ने अपने दुपहिया वाहन पर भारी-भरकम चालान किये जाने पर कहा कि वे कहां से इतनी बड़ी रकम का जुगाड़ करेंगे। ट्रैफिक थाने में मौजूद स्टाफ इन्हें समझाते रहे, मगर दोनों दहाड़ें मारकर रोती रहीं।

यह वाकया आज दोपहर का है, जहां दो महिलाऐं और एक पुरुष सत्यम चौक स्थित ट्रैफिक थाने पहुंचे। यहां गेट के बाहर ही इन महिलाओं की रुलाई फूट पड़ी। जोर-जोर से रो रही इन महिलाओं की यही बात समझ में आ रही थी कि गाड़ी का इतना बड़ा चालान किया है, उसे हम गरीब कहां से पटायेंगे।

इस दौरान ट्रैफिक थाने की महिला जवान इन्हें समझाते हुए अंदर ले जाने लगीं तब वहां और विकट स्थिति हो गई। यहां एक महिला जमीन पर बैठ गई और जार-जार रोने लगी। काफी देर तक यहां शोर-गुल होता रहा।

वाहन जब्त करके शाम को बुलाते हैं थाने

महिलाओं के साथ आये युवक ने आरोप लगाया कि वाहन जब्त करने के बाद उन्हें शाम के वक्त थाने में बुलाया जाता है। उस वक्त वह इन्हें हजार रूपये दे देता तब इतना बड़ा चालान नहीं काटा जाता।

एएसपी ट्रैफिक ने क्या कहा ?

एएसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे ने इस मामले के संबंध में पूछे जाने पर बताया कि महिलाएं जिस गाड़ी के चालान को लेकर हंगामा कर रही हैं, उसे चला रहे शख्स ने शराब का सेवन कर रखा था। दरअसल उच्च अधिकारियों से मिले निर्देश के बाद नियमित रूप से वाहन चालकों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान ब्रेथ एनालाइजर में संबंधित व्यक्ति को नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पाया गया। इस दौरान मशीन ने 106 अंक बताया। एएसपी ने कहा कि सब कुछ नियमों के तहत हो रहा है। नशे की हालत में वाहन चलाते पकड़े जाने पर वाहन को तत्काल जब्त करते हुए प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया जाता है। संबंधितों को न्यायालय में अपना पक्ष प्रस्तुत करना चाहिए।

ट्रैफिक पुलिस पर लग रहे हैं आरोप

न्यायधानी बिलासपुर में हुए इस वाकये का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई है। पूर्व में ट्रैफिक पुलिस के चालान से पीड़ित लोग दबी जबान कह रहे हैं कि उनसे भी ज्यादा रकम की वसूली की गई है। वहीं यह बात आम हो गई है कि बिलासपुर में ट्रैफिक के जवान वाहन की जब्ती के बाद शाम को थाने बुलाते हैं। आरोप है कि यहां मामले को सेट करने का ऑफर होता है, मान गए तो ठीक, अन्यथा कोर्ट के चक्कर लगाइये और भारी-भरकम चालान पटाइये।

बहरहाल मामला कुछ भी हो इन महिलाओं के जार-जार रोने के पीछे की प्रमुख वजह यही है कि अगर चालान बहुत ज्यादा हो तो कम आर्थिक आय वाले वाहन मालिक आखिर उसे कैसे पटायेंगे। ऐसे वाकये समय-समय पर सामने आते रहते हैं, जिनमें वाहन की कीमत से ज्यादा चालान की रकम होती है।

Shami Imam
लेखक / पत्रकार:

Shami Imam

विशेष संवाददाता (Special Correspondent)

वरिष्ठ न्यूज़ रिपोर्टर, The Rural Press

The Rural Press के लिए निष्पक्ष और निर्भीक रिपोर्टिंग।

विज्ञापन