CG Top-5 News: छत्तीसगढ़ में आज यानी 3 नवंबर को कई बड़ी गतिविधियां होने जा रही हैं। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले का मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर ओमान से प्रत्यर्पण के बाद आज रायपुर लाया जाएगा। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। वे नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी आज दिल्ली से रायपुर लौटेंगे।
आज प्रदेश की लाखों महिलाओं को महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त की सौगात भी मिलने वाली है। इसके तहत 67 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में 632 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि भेजी जाएगी। राज्योत्सव के समापन पर राज्य अलंकरण समारोह के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। बॉलीवुड गायक अभिजीत भट्टाचार्य की प्रस्तुति समारोह का खास आकर्षण रहेगी। आइए पढ़ते हैं छत्तीसगढ़ की आज की 5 बड़ी खबरें।
सौरभ चंद्राकर आज लाया जाएगा रायपुर
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी और प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को आज रायपुर लाया जाएगा। ओमान से प्रत्यर्पण के बाद सीबीआई उसे भारत लेकर आई है। सोमवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किए जाने के बाद अदालत ने उसे दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर सीबीआई को सौंपा है। कोर्ट ने आरोपी को 4 नवंबर या उससे पहले रायपुर की स्पेशल सीबीआई कोर्ट में पेश करने का निर्देश दिया है।
अमित शाह आज छत्तीसगढ़ दौरे पर
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे दोपहर 3 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद एक निजी अस्पताल के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक नवा रायपुर के राज्योत्सव मैदान में आयोजित राज्योत्सव के समापन समारोह में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के बाद वे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त आज
छत्तीसगढ़ की महिलाओं को दीपावली से पहले महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त का लाभ मिलेगा। राज्योत्सव के समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के जरिए राशि अंतरित करेंगे। इस बार 67 लाख 40 हजार 410 महिलाओं के खातों में कुल 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये भेजे जाएंगे। नियद नेल्ला नार क्षेत्र की 6,908 महिलाओं को योजना की 13वीं किस्त मिलेगी।
राज्योत्सव 2026 का आज भव्य समापन
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 का आज नवा रायपुर में भव्य समापन होगा। समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ बॉलीवुड गायक अभिजीत भट्टाचार्य की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
राज्योत्सव में अभिजीत भट्टाचार्य देंगे प्रस्तुति
राज्योत्सव के समापन समारोह में शाम 6 बजे से मुख्य मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे। शाम 6 से 6:30 बजे तक दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकार लोकसंगीत प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद पद्मश्री उषा बारले की प्रस्तुति होगी। शाम 7 बजे से राज्य अलंकरण समारोह आयोजित किया जाएगा। रात 9 बजे बॉलीवुड गायक अभिजीत भट्टाचार्य अपनी प्रस्तुति देंगे।



