रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर प्रवास पर है। यह दल ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026’ में हिस्सा ले रहा है। दौरे के पहले ही दिन मुख्यमंत्री साय ने नवा रायपुर और प्रदेश के इको-टूरिज्म को नए आयाम देने के लिए महत्वपूर्ण बैठकें कीं।
नवा रायपुर को मिलेगी सिंगापुर जैसी खूबसूरती
सिंगापुर प्रवास की शुरुआत में मुख्यमंत्री साय और प्रतिनिधिमंडल ने विश्व प्रसिद्ध ‘गार्डन्स बाय द बे’ (Gardens by the Bay) के वरिष्ठ अधिकारियों और मास्टर प्लानिंग टीम से खास मुलाकात की। इस दौरान सस्टेनेबल डिजाइन, लैंडस्केपिंग और बॉटनिकल मैनेजमेंट पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने कहा, छत्तीसगढ़ वनों और जैव विविधता से समृद्ध राज्य है। ‘गार्डन्स बाय द बे’ की विशेषज्ञता का लाभ उठाकर हम नवा रायपुर में प्रस्तावित बॉटनिकल गार्डन को विश्वस्तरीय बनाएंगे। इससे प्रदेश में न केवल हरित क्षेत्र बढ़ेगा, बल्कि इको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलने से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
SBF के ‘लीडरशिप डिनर’ में पहुंचे मुख्यमंत्री
दौरे के शाम को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन (SBF) द्वारा आयोजित ‘लीडरशिप डिनर’ में शामिल हुए। इस दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले और SBF के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
डिनर टेबल पर मास्टरकार्ड, TCS, नेस्ले और इंडियन होटल्स कंपनी (IHCL) जैसी वैश्विक कंपनियों के शीर्ष नेतृत्व के साथ छत्तीसगढ़ की औद्योगिक नीतियों पर गंभीर मंथन हुआ।
‘विकसित छत्तीसगढ़’ के लिए निवेश का न्योता
ग्लोबल बिजनेस लीडर्स के सामने मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ को एक उभरते हुए ‘इन्वेस्टमेंट हब’ के रूप में पेश किया। उन्होंने राज्य की नई औद्योगिक नीति, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और स्टार्टअप्स व मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में मौजूद अपार संभावनाओं को रेखांकित किया। मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के उद्योगपतियों को ‘विकसित छत्तीसगढ़’ की इस यात्रा में भागीदार बनने का खुला आमंत्रण दिया।
बता दें कि CM साय कल 5 अक्टूबर को SING फोरम 2026 में भाग लेंगे और 6 अक्टूबर को प्रमुख कंपनियों के दिग्गजों के साथ ‘सीईओ राउंडटेबल’ (CEO Roundtable) बैठक में छत्तीसगढ़ में पूंजी निवेश पर चर्चा करेंगे।



