रायपुर। राजधानी रायपुर में महाराजा अग्रसेन की 5180वीं जयंती को लेकर अग्रवाल समाज में भारी उत्साह देखा जा रहा है। इस उपलक्ष्य में आगामी 4 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक आठ दिवसीय भव्य जयंती महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान धार्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक और सेवा से जुड़े कई विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे। 11 अक्टूबर को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यपाल रमेन डेका और अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे।
महोत्सव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इससे पहले रायपुर की 19 मोहल्ला समितियों में कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जिनके विजेता मुख्य आयोजनों में भाग लेंगे। अग्रवाल सभा ने जयंती पर शासकीय अवकाश घोषित करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार भी व्यक्त किया है।
4 से 11 अक्टूबर तक का पूरा कार्यक्रम
4 अक्टूबर (अग्राथॉन व स्वास्थ्य शिविर):-
सुबह 6 बजे मरीन ड्राइव से सर्वसमाज के लिए अग्राथॉन ‘वंदे मातरम, रन फॉर नेशन’ की शुरुआत होगी। इसी दिन श्री सालासर धाम (छेड़ीखेड़ी) में डॉ. कमलेश अग्रवाल के नेतृत्व में विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित होगा, जिसमें 60 से अधिक विशेषज्ञ डॉक्टर सेवाएं देंगे। यहां पैथोलॉजी जांच, नेत्र परीक्षण और मुफ्त चश्मा वितरण किया जाएगा।
7 अक्टूबर (महोत्सव का उद्घाटन):-
श्री अग्रसेन धाम, छेड़ीखेड़ी में जयंती महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन होगा। कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि होंगे। इसके अलावा सीएसआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, योग आयोग अध्यक्ष संजय अग्रवाल और रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
8 एवं 9 अक्टूबर (प्रतियोगिताएं व महिला सम्मेलन):- विभिन्न सांस्कृतिक व बौद्धिक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। 9 अक्टूबर को विशेष महिला सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।
10 अक्टूबर (अग्रसेवा दिवस व कार्निवल):- समाज द्वारा विभिन्न सेवा कार्य किए जाएंगे। साथ ही आकर्षक ‘अग्र बैंड’ की प्रस्तुति के साथ विशाल कार्निवल आयोजित होगा।
11 अक्टूबर (मुख्य समारोह व शोभायात्रा):- सुबह 9:30 बजे जवाहर नगर स्थित श्री अग्रसेन भवन में महाराजा अग्रसेन की पूजा-अर्चना के बाद भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शाम 6:30 बजे श्री अग्रसेन धाम में मुख्य समारोह आयोजित होगा, जिसमें प्रतिभावान बच्चों का सम्मान, पुरस्कार वितरण, कवि सम्मेलन और लाफ्टर शो होगा।
सुचारू संचालन के लिए गठित हुईं समितियां
आयोजन को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए अग्रवाल सभा द्वारा विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। जयंती प्रभारी राजेश हेलीवाल, शोभायात्रा प्रभारी शैलेश अग्रवाल और अग्रसेवा दिवस प्रभारी की जिम्मेदारी रमेश सावंदिया, अरुण मित्तल, चिमनलाल अग्रवाल व कैलाश मित्तल को सौंपी गई है। प्रचार-प्रसार, सांस्कृतिक, भोजन, पंडाल और अर्थ व्यवस्था की जिम्मेदारी भी अलग-अलग टीमों को दी गई है।



