Kidnapping for Ransom: रायपुर ग्रामीण पुलिस ने अपहरण के एक सनसनीखेज मामले का महज 6 घंटे के भीतर बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने फिरौती के लिए अगवा किए गए 8 वर्षीय बालक को पूरी तरह सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों सहित एक विधि से संघर्षरत (नाबालिग) बालक को भी पकड़ा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 अक्टूबर को आरंग निवासी एक व्यक्ति ने थाने में अपने बेटे की गुमशुदगी और अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी की पत्नी पेशे से नर्स हैं, जो सुबह अपने 8 वर्षीय बेटे को इंदिरा चौक स्थित ‘मेडप्लस मेडिकल दुकान’ के पास छोड़कर गई थीं। इसके बाद सुबह करीब 9 बजे बच्चा खेलने और साइकिल चलाने की बात कहकर वहां से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। जब काफी देर तक बच्चा नहीं मिला, तो परिजनों ने शाम करीब 4 बजे थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।
15 लाख की फिरौती, साइबर सेल ने ट्रेस की लोकेशन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और बच्चे की तलाश शुरू कर दी। इसी बीच, अपहर्ताओं ने फोन कर परिजनों से 15 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। फिरौती की सूचना मिलते ही पुलिस और रेंज साइबर सेल की टीम सक्रिय हो गई। तकनीकी मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की गई और सभी संभावित रास्तों पर कड़ी नाकेबंदी कर दी गई।
समोदा पेट्रोल पंप पर छोड़ा, दतरेंगी से दबोचे गए आरोपी
पुलिस की तगड़ी घेराबंदी से घबराए आरोपी बालक को ग्राम समोदा के पेट्रोल पंप के पास छोड़कर मौके से फरार हो गए, जहाँ से पुलिस ने बच्चे को सकुशल अपने कब्जे में ले लिया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बलौदाबाजार जिले के गिधपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ‘दतरेंगी’ में दबिश दी। यहाँ से पुलिस ने दो आरोपियों— हेमंत निषाद (25) और मिथलेश ध्रुव (20) को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा घटना में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को भी हिरासत में लिया गया है। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों का कोई पुराना आपराधिक इतिहास नहीं मिला है।
FAQ: अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
Q1. आरंग में अपहरण का मामला क्या है?
15 लाख की फिरौती के लिए 8 साल के बच्चे का अपहरण किया गया था, जिसे पुलिस ने 6 घंटे में सकुशल बरामद कर लिया।
Q2. बच्चे का अपहरण कहां से हुआ था?
आरंग के इंदिरा चौक स्थित मेडिकल दुकान के पास से, बच्चा सुबह 9 बजे साइकिल चलाने निकला था।
Q3. आरोपी कौन हैं और कहां से पकड़े गए?
हेमंत निषाद (25) और मिथलेश ध्रुव (20) को बलौदाबाजार के गिधपुरी थाना क्षेत्र के गांव दतरेंगी से पकड़ा गया, साथ ही एक नाबालिग भी हिरासत में है।
Q4. पुलिस ने क्या जब्त किया?
घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।



