दुर्ग। शादी का झांसा देकर साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला दुर्ग से सामने आया है। यहां फर्जी मैरिज ब्यूरो की आड़ में AI की मदद से खूबसूरत युवतियों की फर्जी फोटो दिखाकर ठगी का खेल चल रहा था। सुपेला पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर पूरे रैकेट का पर्दाफाश करते हुए संचालक को गिरफ्तार किया है।
आरोपी परमानंद यादव फ्यूचर पार्टनर, कल्याण मैट्रिमोनी और एलिट मैच मैट्रिमोनी के नाम से फेसबुक और इंस्टाग्राम पर पेज चलाता था। AI से बनाई गई काल्पनिक खूबसूरत लड़कियों की फोटो और फर्जी मोबाइल नंबर डालकर विवाह संबंधी विज्ञापन करता था। दूसरे राज्यों के शादी के इच्छुक युवक जब संपर्क करते थे तो उनसे बायोडाटा मंगवाया जाता था।
QR कोड से ठगी, फिर नंबर ब्लैकलिस्ट
पसंद की लड़की से शादी कराने का झांसा देकर आरोपी मैरिज काउंसलर के नाम पर बने बैंक खातों के QR कोड पर 2,000 रुपये फीस और अन्य रकम जमा कराता था। पैसा मिलते ही पीड़ित का नंबर ब्लैकलिस्ट कर संपर्क तोड़ दिया जाता था।
7000 रुपये सैलरी पर रखी थीं लड़कियां
पुलिस को मौके पर संचालक के साथ चार युवतियां भी मिलीं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि उन्हें अच्छी कंपनी में नौकरी का झांसा देकर 7,000 रुपये महीने पर रखा गया था। दो दिन की ट्रेनिंग देकर उन्हें मैरिज काउंसलर बनाकर ग्राहकों से बात करने और QR कोड से पेमेंट लेने का काम दिया गया था।
ऐसे हुआ पर्दाफाश
29 अक्टूबर 2026 को थाना सुपेला पुलिस को सूचना मिली कि उत्तर गंगोत्री भवन, यूनियन बैंक के पास एक हॉल में एलिट मैच मैट्रिमोनी के नाम से कॉल सेंटर चल रहा है, जहां फर्जी सिम और म्यूल अकाउंट से ठगी हो रही है। टीम ने गवाहों के साथ दबिश दी तो कंप्यूटर, वाई-फाई, 22 कीपैड मोबाइल, 4 एंड्रॉयड मोबाइल, iPhone, 16 सिम कार्ड, विभिन्न बैंकों की चेकबुक, पासबुक, QR कोड, फ्लेक्स और कस्टमरों के नंबरों वाला रजिस्टर बरामद हुआ।
जांच में पता चला कि आरोपी पिछले तीन महीने से यह खेल चला रहा था। हर दिन 20 से 50 कॉल किए जाते थे। उसके बैंक खातों पर समन्वय पोर्टल पर पहले से ही शिकायतें दर्ज मिलीं।
जब्ती और कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के पास से बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन बैंक, फेडरल बैंक, SBI, IDBI की चेकबुक, पासबुक, 1,64,000 रुपये नगद, 22 कीपैड और 4 स्मार्टफोन, कंप्यूटर सेट और वाई-फाई जब्त किया है। कुल मशरुका करीब 1,20,000 रुपये का है। थाना सुपेला में BNS की धारा 317(2), 319(2) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी परमानंद यादव, 24 वर्ष, निवासी ओटेबंद, थाना नंदनी, अहिवारा, जिला दुर्ग (वर्तमान नेहरू नगर ईस्ट) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
FAQ: अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
Q1. दुर्ग में क्या फर्जीवाड़ा पकड़ा गया?
सुपेला में एलिट मैच मैट्रिमोनी, फ्यूचर पार्टनर, कल्याण मैट्रिमोनी के नाम से फर्जी मैरिज ब्यूरो चलाकर AI से बनाई गई खूबसूरत युवतियों की फोटो दिखाकर शादी के नाम पर ठगी की जा रही थी।
Q2. आरोपी कैसे ठगता था?
फेसबुक-इंस्टा पर AI फोटो से प्रचार, इच्छुक लोगों से बायोडाटा मंगवाना, फिर 2000 रुपये फीस और अन्य रकम QR कोड से मंगवाकर नंबर ब्लैकलिस्ट कर देता था।
Q3. लड़कियों की क्या भूमिका थी?
7000 रुपये महीने पर 4 युवतियों को मैरिज काउंसलर बनाकर रखा था, उन्हें नौकरी का झांसा देकर 2 दिन ट्रेनिंग देकर ग्राहकों से बात करवाई जाती थी।
Q4. पुलिस को क्या-क्या मिला?
22 कीपैड मोबाइल, 4 एंड्रॉयड मोबाइल, iPhone, 16 सिम, 5 बैंकों की चेकबुक-पासबुक, कंप्यूटर, वाई-फाई और 1.64 लाख नगद जब्त।
Q5. आरोपी कौन है?
परमानंद यादव 24 वर्ष, निवासी ओटेबंद, थाना नंदनी, अहिवारा, जिला दुर्ग, वर्तमान नेहरू नगर ईस्ट, धारा 317(2), 319(2) BNS में गिरफ्तार।


