शुक्रवार, 30 अक्तूबर 2026 शुक्र, 30 अक्तू॰ |
संस्करण:
ब्रेकिंग न्यूज़
राष्ट्रीय

बदरीनाथ से देहरादून जा रहा था हेलिकॉप्टर, जोशीमठ के पास क्या हुआ?

Badrinath Helicopter Missing
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य
खास बातें (Key Highlights)
  • Badrinath Helicopter Missing: उत्तराखंड के चमोली जिले में हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया है।
  • हेलिकॉप्टर ट्रांस भारत एविएशन का था।
  • जिसने दोपहर करीब 1:14 बजे बदरीनाथ धाम से देहरादून के लिए उड़ान भरी थी।
  • जब हेलिकॉप्टर जोशीमठ घाटी के ऊपर से गुजर रहा था।

Badrinath Helicopter Missing: उत्तराखंड के चमोली जिले में हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया है। हेलिकॉप्टर ट्रांस भारत एविएशन का था। जिसने दोपहर करीब 1:14 बजे बदरीनाथ धाम से देहरादून के लिए उड़ान भरी थी। जब हेलिकॉप्टर जोशीमठ घाटी के ऊपर से गुजर रहा था। तो उसका संपर्क टूट गया। बताया जा रहा है कि, हेलिकॉप्टर में पायलट कैप्टन हिमांशु समेत छह लोग सवार थे। फिलहाल, हेलिकॉप्टर का मलबा नहीं मिला है और उसमें सवार लोगों के स्थिति की जानकारी नहीं मिल पाई है।

उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी (UCADA) के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के हेलिकॉप्टर का रजिस्ट्रेशन नंबर VT-HCX है। यह बदरीनाथ से देहरादून के सहस्त्रधारा के लिए रवाना हुआ था।

बिगड़ते मौसम के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन में आ रही मुश्किलें

हेलिकॉप्टर का संपर्क जोशीमठ के पास हाथी पहाड़ के पीछे चायी गांव के इलाके में टूटने की जानकारी मिल रही है। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन-आपदा प्रबंधन की टीमों ने तलाश शुरू की। दो हेलिकॉप्टर को रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया है। लगातार बारिश और घने बादलों के कारण विजिबिलिटी लो है। इससे हेलिकॉप्टर की सही लोकेशन की जानकारी नहीं मिल पा रही है।
फिलहाल बदरीनाथ और जोशीमठ के बीच अभियान जारी है। । भारतीय सेना, चमोली जिला प्रशासन और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें भी तलाश में जुटी हैं।

हेलिकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार

UCADA के अनुसार, हेलिकॉप्टर में कैप्टन हिमांशु के अलावा पांच यात्री सवार थे। पैसेंजर मैनिफेस्ट में प्रतापा, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के और एचएस नटराज के नाम दर्ज हैं। हालांकि, सभी सवारों की मौजूदा स्थिति को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। जोशीमठ प्रशासन के अनुसार, हेलिकॉप्टर क्रैश होने की सूचना मिली है और इसकी पुष्टि कराई जा रही है। सेना, SDRF, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच रही हैं।

CM धामी ने रेस्क्यू तेज करने के निर्देश दिए

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चायी गांव के पास हेलिकॉप्टर क्रैश होने की सूचना मिलने की बात कही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।
उन्होंने गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, हेलिकॉप्टर में सवार यात्रियों के सुरक्षित होने की कामना की है।

ट्रांस भारत एविएशन का पूरा बेड़ा ग्राउंड

हेलिकॉप्टर की लोकेशन गायब होने के बाद एहतियात के तौर पर ट्रांस भारत एविएशन के पूरे हेलिकॉप्टर बेड़े को ग्राउंड कर दिया गया है। फिलहाल लापता हेलिकॉप्टर का पता लगाने और मौके से जानकारी जुटाने का अभियान जारी है।

अक्टूबर में भी हुई थीं दो इमरजेंसी लैंडिंग

अक्टूबर महीने में चारधाम यात्रा के दौरान हेलिकॉप्टरों की दो इमरजेंसी लैंडिंग हुई थीं। इनमें एक घटना रुद्रप्रयाग में खराब मौसम के कारण हुई थी, जबकि दूसरी घटना में टिहरी में तकनीकी खराबी के चलते हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी।

Deeksha Mishra
लेखक / पत्रकार:

Deeksha Mishra

विशेष संवाददाता (Special Correspondent)

वरिष्ठ न्यूज़ रिपोर्टर, The Rural Press

The Rural Press के लिए निष्पक्ष और निर्भीक रिपोर्टिंग।

विज्ञापन