Passport Rules 2026: भारतीय पासपोर्ट के नियमों में बड़ा बदलाव हुआ है। विदेश मंत्रालय ने सितंबर 2026 में Passports (Amendment) Rules, 2026 को अधिसूचित किया है। नए प्रावधान के तहत 15 साल से कम उम्र के बच्चों को जारी 36 पन्नों वाले साधारण पासपोर्ट की वैधता अब जारी होने की तारीख से 5 साल या बच्चे के 18 साल का होने तक रहेगी, जो भी पहले हो। यह बदलाव Passports Rules, 1980 के नियम 12(1A) में किया गया है। संशोधित नियम राजपत्र में प्रकाशित होने के साथ लागू हो गए हैं।
14 साल की उम्र में पासपोर्ट बना तो 18 साल तक ही वैध
नए नियम को एक उदाहरण से समझें। अगर किसी बच्चे का पासपोर्ट 14 साल की उम्र में जारी होता है, तो सामान्य तौर पर पांच साल की अवधि पूरी होने से पहले ही उसकी वैधता खत्म हो जाएगी। ऐसे मामले में पासपोर्ट बच्चे के 18वें जन्मदिन तक ही वैध रहेगा। वहीं, कम उम्र में जारी किए गए पासपोर्ट की वैधता पांच साल तक हो सकती है। लेकिन यह अवधि बच्चे के 18 साल की उम्र पार करने तक नहीं जा सकती। यानी दोनों में से जो अवधि पहले पूरी होगी, पासपोर्ट उतने समय तक ही वैध रहेगा।
पासपोर्ट फीस में भी बड़ा बदलाव
बच्चों की पासपोर्ट वैधता में बदलाव के अलावा 2026 में पासपोर्ट सेवाओं की फीस भी बढ़ाई गई है। यह फीस संशोधन 1 जुलाई 2026 से लागू है। विदेश मंत्रालय ने Passports (Amendment) Rules, 2026 के जरिए Schedule IV में नई फीस तय की थी। अब 18 साल या उससे अधिक उम्र के आवेदकों के लिए 36 पन्नों वाले सामान्य पासपोर्ट की फीस 2,500 रुपये है। 60 पन्नों वाले पासपोर्ट के लिए 3,500 रुपये देने होंगे।
तत्काल पासपोर्ट के लिए कितनी फीस?
तत्काल सेवा में 36 पन्नों वाले वयस्क पासपोर्ट की कुल फीस 5,000 रुपये और 60 पन्नों वाले पासपोर्ट की 6,000 रुपये है। खोए या क्षतिग्रस्त 36 पन्नों वाले पासपोर्ट के बदले नया पासपोर्ट सामान्य सेवा में 5,000 रुपये और तत्काल में 7,500 रुपये का है। 60 पन्नों वाले ऐसे पासपोर्ट के लिए सामान्य फीस 6,000 रुपये और तत्काल फीस 8,500 रुपये है।
बच्चों के पासपोर्ट की फीस कितनी है?
18 साल से कम उम्र के नाबालिगों के लिए 36 पन्नों वाले नए या री-इश्यू पासपोर्ट की सामान्य फीस 1,750 रुपये है। तत्काल सेवा में इसके लिए अतिरिक्त तत्काल शुल्क लागू होता है और कुल फीस 4,250 रुपये तक पहुंचती है। आधिकारिक Passport Seva पोर्टल के मुताबिक, 8 साल तक के बच्चों और 60 साल से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को नए पासपोर्ट के आवेदन पर 10 फीसदी की छूट जारी है। यह छूट फ्रेश आवेदन पर है, री-इश्यू पर नहीं।
आवेदन से पहले फीस जरूर जांचें
नए नियमों के बाद बच्चों का पासपोर्ट बनवाने वाले अभिभावकों के लिए उम्र और पासपोर्ट की वैधता पर ध्यान देना जरूरी है। खासकर 15 साल के आसपास पासपोर्ट बनवाने पर पांच साल की अवधि और 18 साल की उम्र की सीमा में से जो पहले आएगी, वही पासपोर्ट की वास्तविक वैधता तय करेगी। पासपोर्ट के लिए आवेदन करने से पहले संबंधित श्रेणी की मौजूदा फीस और नियम Passport Seva के आधिकारिक पोर्टल पर जांचना बेहतर रहेगा। मंत्रालय ने भी आवेदकों को भुगतान से पहले संशोधित फीस देखने की सलाह दी है।



