सोमवार, 2 नवंबर 2026 सोम, 2 नव॰ |
संस्करण:
ब्रेकिंग न्यूज़
राजनीति

Punjab Assembly Election से पहले AAP में बड़ी बगावत, तीन विधायकों ने छोड़ी पार्टी; BJP में जाते ही सरकार पर बरसे

Three AAP MLAs Kunwar Vijay Pratap Singh Chetan Singh Jouramajra and Harmeet Singh Pathanmajra join BJP
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य
खास बातें (Key Highlights)
  • Punjab AAP MLA Join BJP: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा सियासी झटका लगा है।
  • पार्टी के तीन मौजूदा विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह, चेतन सिंह जौड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा सोमवार को दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए।
  • तीनों विधायकों ने पिछले दो दिनों में AAP से इस्तीफा दिया था।
  • भाजपा में शामिल होने के बाद विधायकों ने पंजाब की कानून-व्यवस्था, नशे, गैंगस्टरवाद और कर्ज के मुद्दे पर भगवंत मान सरकार को घेरा।

Punjab AAP MLA Join BJP: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा सियासी झटका लगा है। पार्टी के तीन मौजूदा विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह, चेतन सिंह जौड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा सोमवार को दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। तीनों विधायकों ने पिछले दो दिनों में AAP से इस्तीफा दिया था। भाजपा में शामिल होने के बाद विधायकों ने पंजाब की कानून-व्यवस्था, नशे, गैंगस्टरवाद और कर्ज के मुद्दे पर भगवंत मान सरकार को घेरा।

भाजपा के पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया ने तीनों विधायकों का पार्टी में स्वागत किया। इस दौरान पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

कुंवर विजय प्रताप बोले- पंजाब में फिरौती बन गई इंडस्ट्री

भाजपा में शामिल होने के बाद पूर्व आईपीएस अधिकारी और विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य में नशे का साम्राज्य कायम है और फिरौती एक इंडस्ट्री बन चुकी है। गैंगस्टरवाद चरम पर है। कुंवर ने आरोप लगाया कि गैंगस्टरों को पंजाब सरकार का हिस्सा बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वह खुद पुलिस अधिकारी रहे हैं और अदालतों में जाकर गवाही दे रहे हैं। ऐसे में गैंगस्टरों को सरकार का हिस्सा बनाया जाना शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि पंजाब में बेरोजगारी चरम पर है और इंडस्ट्री ध्वस्त हो चुकी है। राज्य का काम कर्ज लेकर चलाया जा रहा है। ऐसे हालात में पंजाब में दोबारा शांति और खुशहाली बहाल करने की जरूरत है। कुंवर के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच और पंजाब के प्रति उनके लगाव को देखते हुए उन्होंने भाजपा में शामिल होने का फैसला किया।

AAP ने कुंवर विजय प्रताप को किया था सस्पेंड

कुंवर विजय प्रताप सिंह अमृतसर नॉर्थ से विधायक हैं। जून 2025 में आम आदमी पार्टी ने उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में पांच साल के लिए निलंबित कर दिया था। अब उन्होंने पार्टी के साथ-साथ विधानसभा की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है।

जौड़ामाजरा बोले- पंजाब का कोई मंत्री केंद्र से मदद मांगने नहीं गया

समाना से विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने AAP सरकार पर आरोप लगाया कि पौने पांच साल के कार्यकाल में पंजाब का कोई मंत्री केंद्र सरकार के मंत्रियों से मिलने और राज्य के लिए मदद मांगने नहीं गया। उन्होंने कहा कि केंद्र में चाहे किसी भी पार्टी की सरकार रही हो, पहले पंजाब के नेता राज्य के हितों के लिए फंड लेकर आते रहे हैं। जब राज्य के मंत्री केंद्र के पास जाएंगे ही नहीं तो पंजाब के लिए क्या लेकर आएंगे। जौड़ामाजरा ने पंजाब में नशे, गैंगस्टरवाद, चेन स्नैचिंग और लूटपाट की घटनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राज्य में कब किसकी हत्या हो जाए, इसका कोई भरोसा नहीं है।

पठानमाजरा ने AAP सरकार पर लगाया ढाई लाख करोड़ का कर्ज लेने का आरोप

सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने दावा किया कि AAP सरकार ने पंजाब को कर्ज के दलदल में धकेल दिया है। उनके मुताबिक, सरकार ने ढाई लाख करोड़ रुपये का कर्ज लिया है, जो अब तक का सबसे बड़ा कर्ज है। उन्होंने कहा कि पंजाब को आज उड़ता पंजाब के बजाय उभरता पंजाब बनाने की जरूरत है। उनका मकसद राज्य से नशे और भ्रष्टाचार को खत्म करना है। पठानमाजरा ने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह वहां गैंगस्टरवाद और गुंडागर्दी खत्म हुई, उसी तरह पंजाब से भी इन बुराइयों को समाप्त किया जाना चाहिए। उन्होंने पंजाब और दूसरे राज्यों में रहने वाले पंजाबियों से भाजपा की सरकार बनाने के अभियान में सहयोग करने की अपील की।

पठानमाजरा बोले- AAP ने कुंवर विजय प्रताप का इस्तेमाल किया

हरमीत सिंह पठानमाजरा ने कुंवर विजय प्रताप सिंह का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने हिंदू होते हुए भी हमेशा सिखों के मुद्दे उठाए, लेकिन पार्टी में उनकी बातों पर ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब कुंवर ने AAP जॉइन की थी, तब पूरे पंजाब में उनके पोस्टर और बैनर लगे थे, लेकिन बाद में पार्टी ने उनका इस्तेमाल करने के बाद उनकी सुध नहीं ली। पठानमाजरा ने यह भी कहा कि AAP जब पंजाब में आई थी तो उसके विचार अच्छे थे, लेकिन बाद में पंजाब के मुद्दों पर आवाज उठाने वाले नेताओं को ही किनारे किया जाने लगा।

भाजपा बोली- पंजाब में बिखर गया AAP का झाड़ू

तीनों विधायकों के भाजपा में शामिल होने पर पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पार्टी में उनका पूरा मान-सम्मान किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी से अच्छे नेता बाहर निकल रहे हैं और अब उसका झाड़ू बिखर चुका है। ढिल्लों ने आरोप लगाया कि AAP ने पंजाब के लोगों के साथ धोखा किया और राज्य के पांच साल बर्बाद कर दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा नए नेताओं के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।

AAP ने की विधायकों की सदस्यता रद्द करने की मांग

तीन विधायकों के पार्टी छोड़ने के बाद आम आदमी पार्टी ने भी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने कहा है कि वह विधानसभा स्पीकर से समाना और सनौर के विधायकों की सदस्यता रद्द करने की मांग करेगी।

Rverma
लेखक / पत्रकार:

Rverma

विशेष संवाददाता (Special Correspondent)

वरिष्ठ न्यूज़ रिपोर्टर, The Rural Press

The Rural Press के लिए निष्पक्ष और निर्भीक रिपोर्टिंग।

विज्ञापन