Nava Raipur city bus service may be discontinued: शहर से मंत्रालय और सरकारी दफ्तरों तक जाने वाले कर्मचारियों के लिए बुरी खबर है। नवा रायपुर तक चलने वाली सिटी बस सेवा बंद हो सकती है। 31 अक्टूबर को रायपुर नगर निगम ट्रांसपोर्ट लिमिटेड और नया रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (NRANVP) के बीच बस संचालन का वैकल्पिक समझौता खत्म हो रहा है।
समझौता खत्म होने के बाद सेवा बंद हो जाएगी। पंजीयन विभाग ने पत्र जारी कर कर्मचारियों को आवागमन की खुद व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
पत्र में क्या लिखा है ?
महानिरीक्षक पंजीयन एवं अधीक्षक मुद्रांक कार्यालय की ओर से जारी पत्र में कर्मचारियों को इस संबंध में सूचित किया गया है। पत्र के अनुसार, रायपुर नगर निगम ट्रांसपोर्ट लिमिटेड का अनुबंध 19 दिसंबर 2022 को समाप्त हो गया था।
इसके बाद कर्मचारियों के आवागमन की सुविधा बनाए रखने के लिए नया रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के साथ एकल फेरे में बस संचालन को लेकर समझौता किया गया था। इसकी अवधि भी अब 31 अक्टूबर 2026 को पूरी हो रही है।
3500 कर्मचारी करते हैं सफर
रोजाना करीब 3500 कर्मचारी 66 सिटी बसों से मंत्रालय और अन्य सरकारी कार्यालयों तक आते-जाते हैं। सेवा बंद होने की खबर से कर्मचारियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि खर्चा बढ़ेगा और समय पर ऑफिस पहुंचना चुनौती बन जाएगा।
कर्मचारियों का क्या कहना है?
मंत्रालय और सरकारी कार्यालयों तक जाने वाली सिटी बस की सेवा बंद होने की खबर से सरकारी कर्मचारियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। कर्मियों का कहना है कि, आवागमन में उन्हें काफी दिक्कत होगी। उनका यह भी कहना है कि, उनका खर्चा बढ़ेगा। और सबसे बड़ी दिक्कत समय पर कार्यालय पहुंचना भी कर्मियों को चुनौती लगेगी।
2012 में हुई थी बसों की खरीदारी
राज्य शासन के पैसे से रायपुर नगर निगम ट्रासपोर्ट लिमिटेड ने शहर में चलाने के लिए 100 बसों की खरीदी की थी। इसका 2012 में 10 साल के लिए यानि 2022 तक टेंडर किया था। इसके बाद शासन के आदेश पर इन बसों को नया रायपुर में मंत्रालय के कर्मचारियों के आने जाने के लिए शुरु किया गया। इसका संचालन दुर्गम्बा ट्रांजिट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी कर रही थी।
हर साल करीब 12 करोड़ से ज्याादा का भुगतान
बता दें कि निगम एक कर्मचारी के परिवहन के लिए ठेका कंपनी को 3066 रुपये प्रतिमाह देता है। करीब 3500 कर्मचारियों के हिसाब से निगम का मासिक भुगतान 1 करोड़ 7 लाख 31 हजार रुपये है। सालभर में यह राशि करीब 12 करोड़ 87 लाख 72 हजार रुपये पहुंचती है। यानी करीब 12.88 करोड़ रुपये का भुगतान होने के बावजूद कर्मचारी जर्जर बसों में सफर कर रहे थे।
FAQ: अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
Q1. नवा रायपुर सिटी बस सेवा क्यों बंद हो रही है?
Ans. रायपुर नगर निगम ट्रांसपोर्ट लिमिटेड और नया रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के बीच वैकल्पिक समझौता 31 अक्टूबर को खत्म हो रहा है। इसके बाद बस सेवा बंद होने की आशंका है।
Q2. इस सेवा से कितने कर्मचारी सफर करते हैं?
Ans. मंत्रालय और सरकारी कार्यालयों तक जाने के लिए रोजाना लगभग 3500 कर्मचारी 66 सिटी बसों से सफर करते हैं।
Q3. कर्मचारियों का क्या कहना है और विभाग ने क्या कहा?
Ans. कर्मचारियों में नाराजगी है, उनका कहना है कि आवागमन मुश्किल होगा, खर्च बढ़ेगा और समय पर पहुंचना चुनौती होगी। वहीं पंजीयन विभाग ने पत्र जारी कर कर्मचारियों को खुद व्यवस्था करने को कहा है।



