रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित ऐतिहासिक राजकुमार कॉलेज (Rajkumar College) ने शिक्षा के क्षेत्र में एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन किया है। ‘EducationWorld India School Rankings 2026-27’ के तहत कॉलेज ने ‘विंटेज लेगासी को-एड डे कम बोर्डिंग स्कूल’ (Vintage Legacy Co-ed Day Cum Boarding School) वर्ग में पूरे भारत में चौथा, छत्तीसगढ़ में पहला और रायपुर में पहला स्थान प्राप्त किया है।
यह प्रतिष्ठित सम्मान संस्थान की 143 वर्षों की गौरवशाली परंपरा, शैक्षणिक उत्कृष्टता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह शानदार सफलता कॉलेज के प्रबंधन, प्राचार्य, शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल अविनाश सिंह को ‘विज़नरी एजुकेशन लीडर अवार्ड’
इस गौरवशाली अवसर पर राजकुमार कॉलेज के प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल अविनाश सिंह (सेवानिवृत्त) को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान, दूरदर्शी नेतृत्व और शैक्षणिक गुणवत्ता को नई ऊंचाइयां देने के लिए ‘विज़नरी एजुकेशन लीडर अवार्ड 2026-27’ से सम्मानित किया गया है।

यह पुरस्कार उनके नवाचारपूर्ण नेतृत्व, छात्रों की सफलता और उच्चकोटि की शिक्षा के प्रति समर्पण को बड़ी मान्यता प्रदान करता है। कॉलेज के प्रबंधन और समस्त स्टाफ ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए लेफ्टिनेंट कर्नल अविनाश सिंह को हार्दिक बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



