नेशनल डेस्क। पाकिस्तान World Cup मैच से पहले भारतीय टीम को एक और बड़ा झटका लगा। जहां एक तरफ भारतीय क्रिकेट टीम के धुआंदार बल्लेबाज शुभमन गिल डेंगू बुखार से उबर रहे है। वहीं अब दिग्गज भारतीय कॉमेंटेटर हर्षा भोगले भी डेंगू की चपेट में आ गए हैं। हर्षा 14 अक्टूबर को अहमदाबाद में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मुकाबला मिस करेंगे। भारतीय कॉमेंटेटर ने एक्स पर जानकारी साझा की।

हर्षा भोगले ने लिखा, “मैं 14 अक्टूबर को भारत-पाक मैच मिस करने से निराश हूं, मुझे डेंगू है, और इसके चलते कमजोरी, और कम इम्यूनिटी, जो इसे नामुमकिन बना देगी। मैं आशा कर रहा हूं कि 19 के मैच के लिए वक़्त पर वापस आ जाऊं। मेरे सहकर्मी, और ब्रॉडकास्ट क्रू बहुत मददगार रहे हैं और मैं उन्हें खुद शुक्रिया कहने के लिए उत्सुक हूं।”

बता दें कि इससे पहले भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल डेंगू बुखार हो गया था जिन्हें चेन्नई के अस्पताल में भर्ती भी कराया गया था। हालांकि वह अब अहमदाबाद पहुंच गए है जहां शनिवार को भारत-पाकिस्तान का रोमांचक मैच होने वाला है। जिसका हर फैन को बेसब्री से इंतजार रहता है।

See also  World Cup 2023: आज भारत-अफगानिस्तान का मुकाबला, गिल की जगह इस मैच में भी ईशान खेलेंगे

वहीं, भारतीय क्रिकेट टीम के लिए इसे अच्छी खबर कहा जा सकता है कि सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल डेंगू बुखार से उबर गए हैं और उन्होंने गुरुवार को एक घंटे तक नेट पर अभ्यास किया, जिससे उनकी पाकिस्तान के खिलाफ विश्व कप मैच में खेलने की संभावना बढ़ गई है। यह 22 वर्षीय खिलाड़ी अस्वस्थ होने के कारण ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के खिलाफ पहले दो मैचों में नहीं खेल पाया था, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ महत्वपूर्ण मैच में उन्हें अंतिम एकादश में जगह मिल सकती है। असल में टीम प्रबंधन ने टीम के अहमदाबाद पहुंचने से पहले गिल के लिए विशेष अभ्यास सत्र का आयोजन किया। यही कारण था कि उसने बाएं हाथ के थ्रोडाउन विशेषज्ञ नुवान सेनेविरत्ने को बुधवार को ही अहमदाबाद जाने के लिए कह दिया था।

गिल सुबह 11 बजे नरेंद्र मोदी स्टेडियम पहुंचे तथा टीम के डॉक्टर रिजवान की देखरेख में उन्होंने कुछ कसरतें करने के बाद नेट पर अभ्यास किया। पाकिस्तान के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी की ‘इनडिपर’ को ध्यान में रखते हुए उन्होंने श्रीलंका के विशेषज्ञ सेनेविरत्ने के 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से किये गए थ्रोडाउन पर अभ्यास किया। इसके अलावा उन्होंने कुछ नेट गेंदबाजों का भी सामना किया। इस दौरान वह सहज नजर आ रहे थे। गिल को टीम में शामिल करने का फैसला करने से पहले मुख्य कोच राहुल द्रविड़ और चिकित्सा टीम शुक्रवार को होने वाले अभ्यास सत्र में उनकी प्रगति पर गौर करेंगे।

See also  Ind vs Pak World Cup 2023 : वर्ल्ड कप टूर्नामेंट के सबसे हाई प्रोफाइल मैच की तारीख में होगा बदलाव! सुरक्षा एजेंसियों ने की अपील