IPL 2026 के 35वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू का सामना एक बार की चैंपियन गुजरात टाइटन्स से होने जा रहा है। यह हाई-वोल्टेज मैच बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 7:00 बजे होगा।
प्लेऑफ की रेस में अहम मुकाबला
इस सीजन में RCB शानदार फॉर्म में नजर आई है। टीम ने 6 में से 4 मुकाबले जीतकर +1.171 नेट रन रेट के साथ तीसरा स्थान हासिल किया है। कप्तान रजत पाटीदार की अगुवाई में टीम घरेलू मैदान पर जीत के साथ अपने अभियान को और मजबूत करना चाहेगी।
वहीं GT का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है। शुभमन गिल की कप्तानी में टीम ने 6 में से 3 मैच जीते हैं और अंक तालिका में सातवें स्थान पर है। गुजरात इस मुकाबले को जीतकर टॉप-5 में वापसी करना चाहेगी।
बराबरी की टक्कर
RCB और GT के बीच अब तक IPL इतिहास में 6 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें दोनों टीमों ने 3-3 मैच जीते हैं। पिछली भिड़ंत में गुजरात ने 8 विकेट से जीत दर्ज की थी। ऐसे में यह मुकाबला एक बार फिर कांटे का होने की पूरी उम्मीद है।
पिच रिपोर्ट
चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए जानी जाती है। इस सीजन में यहां खेले गए 4 मैचों में 2 हाई-स्कोरिंग और 2 लो-स्कोरिंग रहे हैं। हालांकि ताजा परिस्थितियों को देखते हुए मैच में एक बार फिर बड़े स्कोर की उम्मीद जताई जा रही है।
पिच को तैयार करने के लिए पर्याप्त समय मिला है और उस पर घास की संतुलित परत रखी गई है, जिससे बैट और बॉल के बीच अच्छा मुकाबला देखने को मिल सकता है। रात के मैच में ओस भी अहम भूमिका निभा सकती है।
इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें
RCB के लिए विराट कोहली, फिल साल्ट, देवदत्त पडिक्कल और कप्तान पाटीदार अहम भूमिका निभा सकते हैं। गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड पर जिम्मेदारी होगी।
वहीं GT की ओर से कप्तान गिल के अलावा साई सुदर्शन, कगिसो रबाडा और प्रसिद्ध कृष्णा पर सबकी नजरें रहेंगी।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11
GT : साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र, वाशिंगटन सुंदर, राहुल तेवतिया, जेसन होल्डर, राशिद खान, कगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज।
RCB : फिल साल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेज़लवुड, रसिख सलाम डार।



