TRP डेस्क : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकसभा में सोमवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण को लेकर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब दिया। इश दौरान सबसे पहले प्रधानमंत्रीने संसद के सदस्यों का राष्ट्रपति के भाषण पर अपने विचार रखने के लिए आभार व्यक्त किया। इसके बाद उन्होंने दिवंगत भारतरत्न लता मंगेशकर को याद किया और कहा कि इतने लंबे समय तक उनकी आवाज ने देश को भावनाओं से भर दिया। उन्होंने 36 भाषाओं में गीत गाए हैं जो राष्ट्र की एकता के लिए भी प्रेरक उदाहरण है।

पीएम मोदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि कोरोना काल के बाद दुनिया नई व्यवस्था की ओर आगे बढ़ी है। भारत को इस मामले में नेतृत्व के मसले पर पीछे नहीं रहना है। भारत को ये मौका गंवाना नहीं चाहिए। उन्होंने अपने उद्बोधन में प्रधानमंत्री आवास योजना से लेकर स्वच्छ भारत अभियान तक की चर्चा की। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज गरीब आवास योजना का लाभ मिलते ही लखपति बन जाता है। गरीब के घर में भी चूल्हे के धुएं से मुक्ति मिले तो ये अच्छा है। आज गरीब का बैंक में खाता है, बिना बैंक गए गरीब अपने खाते का उपयोग करता है।

See also  इस सीनियर लीडर ने छोड़ा कांग्रेस का हाथ, थामा आप का साथ

कांग्रेस पर बोला हमला

पीएम मोदी ने अपने उद्बोधन के दौरान कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि – दुर्भाग्य ये हैं कि कई लोगों का कांटा 2014 में अटका हुआ है। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि देश की जनता आपको पहचान गई है। इतना सारा उपदेश देते हैं तब भूल जाते हैं कि आपने भी 50 साल तक यहां बैठने का सौभाग्य प्राप्त किया था। करीब 24 साल हो गए जब नागालैंड के लोगों ने कांग्रेस के लिए वोट किया था। गोवा ने 28 साल से आपको स्वीकार नहीं किया। पीएम मोदी ने उद्बोधन के दौरान त्रिपुरा और ओडिशा के साथ ही कई राज्यों में कांग्रेस की अंतिम सरकारों को याद करते हुए कहा कि इतनी पराजय के बाद भी इनका अहंकार नहीं जाता। देश की जनता इनको हमेशा के लिए नकार रही है। सवाल चुनाव नतीजों का नहीं नीयत का है।

See also  टीआरपी ब्रेकिंग: दूसरे आर्थिक पैकेज का हो सकता है ऐलान, पीएम मोदी ने की वित्त मंत्री और गृहमंत्री से मुलाकात

कांग्रेस ने सौ साल सत्ता में नहीं आने का बना लिया है मन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि ऐसा कौन हिंदुस्तानी होगा जिसे कोरोना के समय किए गए भारत के कामों पर गर्व न हो। कांग्रेस ने योग का विरोध किया, मजाक बनाया। फिट इंडिया का भी विरोध किया। कांग्रेस को क्या हो गया है, समझ नहीं आता। इतने सारे राज्य कांग्रेस को घुसने भी नहीं दे रहे। इनके कार्यक्रमों से ऐसा लगता है कि इन्होंने मन बना लिया है कि सौ साल तक सत्ता में नहीं आना। पीएम ने आगे चुटकी लेते हुए कहा कि – आपने मन बना लिया है तो हमने भी तैयारी कर ली है।

शायराना अंदाज में साधा निशाना

पीएम मोदी ने शायराना अंदाज में कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा –

“वो जब दिन को रात कहें तो तुरंत मान जाओ,
नहीं मानोगे तो वो दिन में नकाब ओढ़ लेंगे…
जरूरत हुई तो हकीकत को थोड़ा बहुत मरोड़ लेंगे..
वो मगरूर है खुद की समझ पर बेइंतहा,
उन्हें आइना मत दिखाओ, वो आइने को भी तोड़ देंगे…”

See also  सत्र के दौरान संसद परिसर में सांसदों को कराना होगा कोविड RT-PCR टेस्ट

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बजट सत्र के दौरान राष्ट्रपति के अभिभाषण पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए देश में बढ़ रही महंगाई का भी जिक्र किया। पीएम मोदी राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान हुई चर्चा का जवाब कल यानी 8 फरवरी को दे सकते हैं। बता दें कि धन्यवाद प्रस्ताव पर सदन में 12 घंटे से अधिक समय तक चर्चा हुई है।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटरयूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्रामकू और वॉट्सएप, पर