सीएम बघेल

0कांकेर जिले को 50 करोड़ के विकास कार्यों की दी सौगात

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज कांकेर जिले के चारामा में आयोजित कार्यक्रम में 50 करोड़ 62 लाख रूपये के 166 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा के उपाध्यक्ष स्वर्गीय मनोज सिंह मण्डावी को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके साथ बिताये पलों को याद किया।

भूपेश बघेल ने कहा कि स्वर्गीय मनोज मण्डावी जब मध्यप्रदेश विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए, तब से हमारा साथ रहा, उनसे अंतिम बार इस महीने की 07 तारीख को ग्राम नाथिया नवागांव में स्थापित लघु धान्य प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन उत्पाद इकाई के लोकार्पण अवसर पर मुलाकात हुई थी। इस कार्यक्रम में दो मिनट का मौन रखकर स्वर्गीय मनोज मण्डावी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। 

मांडवी को बस्तर और आदिवासियों की थी समझ

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय मनोज मंडावी को बस्तर एवं आदिवासियों के संबंध में गहरी समझ थी। वे शिक्षा, स्वास्थ्य और किसानों की आय में वृद्धि पर ध्यान देते थे। अपनी बात को वे पूरी दृढ़ता के साथ रखते थे तथा अपने क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा चिंतित रहते थे। भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान उनके द्वारा भानुप्रतापपुर तहसील के ग्राम भानबेड़ा के कार्यक्रम में डोंगरकट्टा गांव के किसानों की समस्या बताई गई थी, इस गांव के 150 से अधिक किसानों का राजस्व रिकार्ड जप्त हुआ था, जिसे वापस नहीं किया गया था, जिसके चलते ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का भी लाभ नहीं मिल पा रहा था। समस्या की जानकारी मिलते ही उसके निराकरण के लिए जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देशित किया गया, वर्तमान में डोंगरकट्टा गांव का राजस्व रिकार्ड वापस हो चुका है, इससे ग्रामीण बहुत खुश हैं और उन्होंने दिवाली एक साथ मनाया।

See also  बड़ी राहतः कोरोना पॉजिटिव छात्रों का साल नहीं होगा खराब, दें सकेंगे Board Exams मगर... एक दिन पहले सेंटर में देनी होगी जानकारी

मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि स्वर्गीय मनोज मण्डावी की कमी की भरपाई नहीं हो सकती, वे हमेशा हमारी स्मृति में जीवित रहेंगे। भानुप्रतापपुर क्षेत्रवासियों के दिलों में वे हमेशा राज करेंगे, उनके योगदान को कोई मिटा नहीं सकता। वे क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा तत्पर रहे, उनका असमय जाना उनके परिवार सहित हम सबके लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को अपने श्री-चरणों में स्थान दें तथा उनके परिवार को दुःख की इस घड़ी को सहने की क्षमता प्रदान करें।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटरयूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्रामकू और वॉट्सएप, पर