नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय ने आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह को बुधवार को गिरफ्तार किया है। दिल्ली शराब नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में ईडी ने आज तड़के उनके घर पर छापेमारी की थी। यहां से कई दस्तावेज जब्त किए गए थे। लंबी पूछताछ के बाद ईडी ने आज शाम करीब 5:30 बजे संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आबकारी नीति केस की चार्जशीट में संजय सिंह का भी नाम है। वहीं इस केस में मनीष सिसोदिया फरवरी से ही जेल में हैं।

इसी साल जनवरी में ईडी ने अपनी चार्जशीट में संजय सिंह का नाम जोड़ा था। इसको लेकर संजय सिंह ने काफी हंगामा मचाया था। संजय सिंह ने दावा किया कि ईडी ने उनका नाम गलती से जोड़ दिया है। इस पर ईडी ने जवाब दिया कि उनकी चार्जशीट में संजय सिंह का नाम चार जगह लिखा गया है। इनमें से तीन जगह नाम सही लिखा गया है। सिर्फ एक जगह टाइपिंग की गलती हो गई थी। इसके बाद ईडी ने संजय सिंह को मीडिया में बयानबाजी न करने की सलाह दी थी, क्योंकि मामला कोर्ट में लंबित है। ईडी की चार्जशीट में संजय सिंह पर 82 लाख रुपए का चंदा लेने का जिक्र है। इसको लेकर ही ईडी आज उनके घर पहुंची और उनसे पूछताछ कर गिरफ्तार किया।

See also  अदालतों में होता है किंग पिन शब्द का इस्तेमाल, जानें इसका मतलब