बिलासपुर। लोकसभा चुनाव के आचार संहिता लागू हुए हफ्ते भर भी नहीं बीते हैं कि इसी बीच आचार संहिता के उल्लंघन के मामले सामने आने लगे हैं। बिलासपुर में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जिसमें सरकारी खंबे में पोस्टर लगाने वाले कांग्रेस नेता के खिलाफ FIR दर्ज किया गया है।

बिलासपुर में कांग्रेस नेता महेंद्र गंगोत्री ने सचिन पायलट और पीसीसी चीफ दीपक बैज के स्वागत में सड़क के बीचो-बीच डिवाइडर में लगे इलेक्ट्रिक पोल में कटआउट और पोस्टर लगवाए। इधर, जैसे ही इसकी जानकारी निगम को मिली तो पोस्टर को तत्काल हटवाया गया। साथ ही शासकीय संपत्ति के राजनीतिक दूरूपयोग व आचार संहिता के उल्लंघन मामले में महेंद्र गंगोत्री के खिलाफ तोरवा थाने में एफआईआर दर्ज करवाई गई।

पायलट के दौरे पर लगाया था पोस्टर

कांग्रेस महासचिव और प्रदेश के प्रभारी सचिन पायलट, पीसीसी चीफ दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, सह प्रभारी विजय जांगिड़ का लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बिलासपुर का दौरा था। इन कांग्रेस नेताओं के स्वागत में पीसीसी के प्रदेश महासचिव महेंद्र गंगोत्री ने लालखदान रेलवे ओवरब्रिज से गांधी चौक तक और आसपास सड़क के डिवाइडर में लगे पोल में बड़ी संख्या में कटआउट और पोस्टर लगवा दिए थे। पोस्टर में सचिन पायलट, दीपक बैज और अन्य नेताओं की तस्वीरें थी। सुबह नगर निगम ने इसे हटवा दिया। साथ ही तोरवा थाने में जोन कमिश्नर 6 के आवेदन पर पुलिस ने छ.ग.संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम की धारा 3 के तहत कांग्रेस प्रदेश महसचिव महेंद्र गंगोत्री के खिलाफ FIR दर्ज किया गया है।

See also  जल्द लगने वाली है आचार संहिता, सीईओ ने अधिकारियों को किया अलर्ट