रायपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में पुलिस द्वारा साइबर अपराध और यातायात जागरूकता अभियान के तहत एक ही दिन में 680 स्कूलों और कॉलेजों में लगभग 25,000 छात्रों को जागरूक कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की छत्तीसगढ़ हेड सोनल शर्मा ने पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल को वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रमाण पत्र और मेडल प्रदान किया।

साइबर अपराध और यातायात जागरूकता अभियान के तहत बलरामपुर पुलिस ने जिले के सभी स्कूलों और कॉलेजों में जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें 25,000 से अधिक छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध और यातायात नियमों के बारे में जानकारी दी गई।

इस अभियान में डॉ. डी.एन. मिश्र (डीईओ, बलरामपुर) के सहयोग से 680 से अधिक निजी और शासकीय स्कूलों में एक ही दिन में जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए गए। इसके माध्यम से छात्रों और आम जनता को साइबर धोखाधड़ी से बचने और यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान मैदानी क्षेत्रों के साथ-साथ दूरस्थ वनांचल और पहुंच विहीन क्षेत्रों के स्कूलों तक पहुंचकर सबसे अधिक होने वाले साइबर अपराधों से संबंधित जानकारी दी गई, ताकि हर नागरिक साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति सजग और जागरूक हो सके।

See also  छत्तीसगढ़ पुलिस ने पकड़ा हथियार तस्कर, 3 देसी कट्टा और कारतूस भी बरामद