पायलट

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने आज पार्टी की कई बैठकें लीं और कानून-व्यवस्था पर भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि, छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार ने 9 महीने के भीतर प्रदेश की जनता का विश्वास खो दिया है। गृहमंत्री के जिले में हत्याओं का सिलसिला चल रहा है, और प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है।

भाजपा सरकार पर आरोप

सचिन पायलट ने कहा कि प्रदेश में हिंसात्मक घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हो रही है, और इसके लिए भाजपा सरकार पूरी तरह जिम्मेदार है। उन्होंने कहा, सत्ताधारी भाजपा में आपसी खींचतान के चलते कई सत्ता केंद्र बन गए हैं, जिससे सरकार दिल्ली के इशारों पर चल रही है। प्रदेश की सरकार के पास कोई निर्णय लेने की क्षमता नहीं बची है, और अफसरशाही पूरी तरह हावी हो चुकी है।

वरिष्ठ नेता करेंगे प्रदेशभर का दौरा

बैठक की जानकारी साझा करते हुए पायलट ने बताया कि कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता प्रदेशभर का दौरा करेंगे। इन दौरों के दौरान कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया जाएगा। ब्लॉक, जिला, और संभाग स्तर पर ये दौरे होंगे, जिनका उद्देश्य पार्टी की जमीनी स्थिति को मजबूत करना है।

See also  मतदाता सूची से विधायक का नाम ही कर दिया गायब, आम आदमी का क्या होगा – सचिन पायलट

संगठन में होंगे बदलाव

संगठन में बदलाव की चर्चाओं पर पायलट ने कहा, पार्टी के कार्यकर्ताओं की इच्छाओं और मांगों के आधार पर बदलाव किए जाएंगे। जल्द ही संगठन में जो भी खाली पद हैं, उन्हें भर लिया जाएगा। निष्क्रिय पदाधिकारियों की जगह सक्रिय और सक्षम लोगों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। पार्टी का संगठनात्मक ढांचा मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।