टीआरपी डेस्क। तिहाड़ जेल में बंद ठग सुकेश चंद्रशेखर ने दिल्ली चुनाव के नतीजे आने के तुरंत बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को एक और चिट्ठी लिखी है। इस पत्र में उसने तंज कसते हुए केजरीवाल और उनकी पार्टी को हार की बधाई दी।

सुकेश ने लिखा, सबसे पहले मैं आपको, मनीष जी और सत्येंद्र जी को अपनी सीटें हारने के लिए बधाई देता हूं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि आपकी भ्रष्ट पार्टी AAP सत्ता से बाहर हो गई।

सुकेश ने किया दावा, पहले ही दी थी हार की चेतावनी

सुकेश चंद्रशेखर ने दावा किया कि उसने पहले ही चेतावनी दी थी कि केजरीवाल अपनी सीट गंवा देंगे और AAP सत्ता से बाहर हो जाएगी। उसने लिखा, अगर आपके पास मेरे पिछले पत्र सुरक्षित हैं तो कृपया उन्हें देखें। मैंने आपको 3, 6 और 8 महीने पहले चुनौती दी थी कि आप चुनाव हार जाएंगे। आज वही हुआ है।

See also  44 दिन में राम मंदिर के लिए मिले 2100 करोड़, अनुमान से लगभग डेढ़ गुना ज्यादा इकठ्ठा हुआ चंदा, मुस्लिमों ने भी दिया दान

आपका अहंकार शौचालय में बह गया

सुकेश ने केजरीवाल पर तंज कसते हुए लिखा, आपका सारा अहंकार आपके साथ ही शौचालय में बह गया है। दिल्ली की जनता ने आपको और आपकी दुनिया की सबसे भ्रष्ट पार्टी को सचमुच लात मार दी है।

केजरीवाल को दी राजनीति से संन्यास लेने की सलाह

पत्र में सुकेश ने कहा कि अब केजरीवाल को राजनीति से संन्यास ले लेना चाहिए, क्योंकि अगली बार पंजाब से भी AAP का सफाया हो जाएगा। गौरतलब है कि सुकेश चंद्रशेखर मनी लॉन्ड्रिंग और ठगी के कई मामलों में तिहाड़ जेल में बंद है। इससे पहले भी वह कई बार अरविंद केजरीवाल और AAP नेताओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए पत्र लिख चुका है। साल 2024 में भी उसने एक पत्र में केजरीवाल पर अपने परिवार को धमकी देने का आरोप लगाया था और चेतावनी दी थी कि वह उन्हें CBI के सामने बेनकाब कर देगा।