नेशनल डेस्क। लंबे इंतज़ार के बाद एयर इंडिया ने एक बार फिर दिल्ली और गया के बीच सीधी उड़ान शुरू करने का ऐलान किया है। यह सेवा 1 सितंबर 2025 से शुरू होगी और इससे न सिर्फ यात्रियों को सहूलियत मिलेगी, बल्कि क्षेत्रीय पर्यटन और व्यापार को भी नया बल मिलेगा।

अब सिर्फ इंडिगो नहीं, एयर इंडिया भी करेगी सेवा

कोविड-19 के बाद एयर इंडिया ने दिल्ली-गया रूट पर अपनी सेवाएं बंद कर दी थीं, जिसके चलते अब तक केवल इंडिगो एयरलाइंस ही इस रूट पर उड़ान भर रही थी। सीमित विकल्प होने के कारण यात्रियों को टिकट की कमी और किराए में भारी बढ़ोतरी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता था। अब एयर इंडिया के वापसी से इन दिक्कतों से राहत मिलने की उम्मीद है।

उड़ान का समय और बुकिंग विवरण
एयर इंडिया की यह नई फ्लाइट (AI 429) दिल्ली से हर दिन दोपहर 2:30 बजे रवाना होगी और गया में शाम 4:05 बजे लैंड करेगी। वापसी की फ्लाइट (AI 430) गया से शाम 4:40 बजे टेक ऑफ करेगी और शाम 6:10 बजे दिल्ली पहुंचेगी। टिकट बुकिंग प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और यात्रियों में इसे लेकर उत्साह देखा जा रहा है।

See also  एयर इंडिया ने फाइनल की 500 नए हवाई जहाज की डील, 430 नैरोबॉडी और 70 वाइडबॉडी एयरक्राफ्ट शामिल

पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
बोधगया, जो कि अंतरराष्ट्रीय बौद्ध तीर्थस्थल है, हर साल लाखों देशी-विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करता है। दिल्ली से सीधी फ्लाइट की सुविधा के पुनः शुरू होने से इन यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा। साथ ही, गया और आसपास के इलाकों से दिल्ली तक व्यापारिक आवाजाही भी अब अधिक सहज हो सकेगी।

प्रतिस्पर्धा से किराए होंगे किफायती

अब जब इंडिगो और एयर इंडिया दोनों ही इस रूट पर उपलब्ध होंगे, तो किराए में प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है। इससे यात्रियों को अधिक किफायती और सुविधाजनक विकल्प मिल सकेंगे।