0 आम आदमी पार्टी ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

बिलासपुर। बोदरी नगर पालिका में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) के पद पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को पदस्थ रखने के विरोध में आम आदमी पार्टी ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। पार्टी की मांग है कि इस महत्वपूर्ण पद पर किसी योग्य प्रशासनिक अधिकारी की तुरंत नियुक्ति की जाए।

प्रयोगशाला सहायिका है मूल पद

आप पदाधिकारियों का कहना है कि वर्तमान में बोदरी में सीएमओ का काम भारती साहू संभाल रही हैं, जो मूल रूप से उच्च शिक्षा विभाग में प्रयोगशाला सहायिका के पद पर कार्यरत थीं। उन्हें 2022 में कांग्रेस शासनकाल में एक साल के लिए प्रतिनियुक्ति पर सीएमओ बनाया गया था, लेकिन तीन साल बीत जाने के बाद भी उन्हें पद से नहीं हटाया गया है।

पार्टी नेताओं ने कहा कि बोदरी नगर पालिका क्षेत्र में बिलासा देवी एयरपोर्ट और कई महत्वपूर्ण कॉलोनियां शामिल हैं। ऐसे में यहां एक स्थायी, प्रशिक्षित और प्रशासनिक अधिकारी की आवश्यकता है। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को सीएमओ की जिम्मेदारी देना न सिर्फ अनुचित है बल्कि नगर पालिका के कामकाज पर भी सवाल खड़ा करता है।

See also  JCCJ ने जारी की 11 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट

कलेक्टर से मुलाकात करने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में आम आदमी पार्टी के संगठन महामंत्री जसबीर सिंह चावला, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रियंका शुक्ला, विजय वर्मा, हितेश आहूजा, दीपक जगवानी, अजय बुधवानी, रवि खत्री सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।