तमिलनाडु के वरिष्ठ भाजपा नेता और महाराष्ट्र के सीपी राधाकृष्णन होंगे NDA के उपराष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार,RSS से है नाता

टीआरपी डेस्क। भाजपा नेतृत्व वाली एनडीए ने आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। एनडीए ने महाराष्ट्र के वर्तमान राज्यपाल चंद्रपुरम पोन्नुसामी राधाकृष्णन (सीपी राधाकृष्णन) को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में व्यापक विचार-विमर्श के बाद यह फैसला लिया गया।


प्रारंभिक जीवन और शिक्षा

20 अक्टूबर 1957 को तमिलनाडु के तिरुपुर में जन्मे राधाकृष्णन ओबीसी वर्ग से आते हैं। उन्होंने वी.ओ. चिदंबरम कॉलेज, कोयम्बटूर से बीबीए की पढ़ाई की। छात्र जीवन में वे टेबल टेनिस चैंपियन और लंबी दूरी के धावक रहे। उन्हें क्रिकेट और वॉलीबॉल खेलने का भी शौक है। राधाकृष्णन 20 से अधिक देशों की यात्रा कर चुके हैं।

राजनीति में प्रवेश

सिर्फ 16 वर्ष की उम्र में राधाकृष्णन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े और 1974 में भारतीय जनसंघ की राज्य कार्यकारिणी समिति के सदस्य बने। संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते हुए उन्होंने भाजपा में अपनी मजबूत पहचान बनाई।

See also  15 जुलाई तक आ जाएगा सीबीएसई 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम, असेसमेंट स्कीम को SC की मंजूरी

संसदीय करियर

राधाकृष्णन ने 1998 और 1999 में कोयम्बटूर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज की। 1998 में उन्होंने 1.5 लाख से ज्यादा और 1999 में 55 हजार वोटों के अंतर से जीत हासिल की। वे संसद में वस्त्र उद्योग पर स्थायी समिति के अध्यक्ष भी रहे और वित्तीय व सार्वजनिक उपक्रमों से जुड़ी कई समितियों में योगदान दिया।

संगठनात्मक जिम्मेदारियां

2004 से 2007 तक वे तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष रहे और इस दौरान उन्होंने 19,000 किमी लंबी रथयात्रा निकाली। इस रथयात्रा में नदियों को जोड़ने, आतंकवाद के विरोध, समान नागरिक संहिता और नशामुक्ति जैसे मुद्दों को प्रमुखता दी। 2020 से 2022 तक वे भाजपा के केरल प्रभारी भी रहे।

राज्यपाल के रूप में कार्यकाल

18 फरवरी 2023 को राधाकृष्णन को झारखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया। शुरुआती चार महीनों में उन्होंने राज्य के सभी 24 जिलों का दौरा कर नागरिकों से सीधे संवाद किया। इसके बाद 31 जुलाई 2024 को वे महाराष्ट्र के राज्यपाल बने। इसके साथ ही उन्होंने तेलंगाना और पुदुचेरी का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला।

See also  IPL 2026 : रायपुरवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी! RCB के साथ भिड़ सकती है ये टीमें, इसी सप्ताह होगा ऐलान !

अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधित्व

2004 में उन्होंने संसदीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित किया। वे पहले भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य थे जिन्होंने ताइवान का दौरा किया।

निजी जीवन

सीपी राधाकृष्णन की पत्नी का नाम आर. सुमति है। उनके एक बेटा और एक बेटी हैं।