टीआरपी डेस्क। जिले के थराली क्षेत्र में शुक्रवार की आधी रात बादल फटने की घटना ने भारी तबाही मचा दी। अचानक हुई इस प्राकृतिक आपदा से कस्बे और आसपास के गांवों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़कों, घरों और दुकानों में मलबा भर जाने से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।

थराली बाजार और तहसील परिसर में सबसे ज्यादा असर

बादल फटने का सबसे ज्यादा असर थराली बाजार, कोटदीप और तहसील परिसर में देखने को मिला। तहसील परिसर और एसडीएम आवास में मलबा घुस गया, जबकि वहां खड़ी कई गाड़ियां पूरी तरह दब गईं। कस्बे की कई सड़कें मलबे से इस कदर पट गईं कि वे तालाब जैसी नजर आने लगीं।

युवती की मौत, एक व्यक्ति लापता

इस आपदा में सागवाड़ा गांव की एक युवती की मलबे में दबकर मौत हो गई। वहीं, चेपड़ों बाजार में कई दुकानें मलबे की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गईं। एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना भी है, जिससे स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ गई है।

See also  राज्य में 1 जून से अलग-अलग चरणों में खोले जाएंगे स्कूल! कोरोना गाइडलाइन का करना होगा पालन

राहत और बचाव कार्य जारी

घटना के तुरंत बाद प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुट गईं। देर रात तक प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। प्रशासन ने बताया कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्राथमिकता के आधार पर सड़कों से मलबा हटाने का काम चल रहा है।