बिलासपुर। थाना प्रभारी को वाहन चेकिंग के दौरान महिलाओं और परिवार वालों को अनावश्यक रूप से परेशान करना महंगा पड़ गया। डिप्टी सीएम अरुण साव द्वारा नाराजगी व्यक्त किये जाने के बाद एसएसपी ने गंभीरता दिखाते हुए हिर्री थानेदार अवनीश पासवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
दरअसल, एसएसपी ने हाल ही में सभी थाना और चौकी प्रभारियों की बैठक बुलाई थी। इसमें 20 अगस्त की रात 10:30 बजे स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि वाहन चेकिंग जरूर की जाए, लेकिन उसमें विवेक और संवेदनशीलता का इस्तेमाल हो। खासतौर पर महिलाओं, बच्चों और परिवार वालों को बेवजह रोकने या परेशान करने से बचने के निर्देश दिए गए थे।
नाफरमानी की हुई शिकायत
कप्तान के निर्देशों के बावजूद हिर्री पुलिसकर्मी टोल प्लाजा के पास महिलाओं और परिवार वालों को बार-बार रोककर जांच कर रहे थे। कई बार स्थानीय लोग भी पुलिस की इस हरकत से नाराज हुए। शिकायतकर्ताओं ने सीधे डिप्टी सीएम और एसएसपी तक बात पहुंचाई। शिकायत के साथ-साथ इसकी तस्वीरें भी अखबारों और सोशल मीडिया पर वायरल हुईं। इसे गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने मामले की समीक्षा की और पाया कि आदेश का पालन नहीं किया गया है। इसके बाद हिर्री टीआई अवनीश पासवान को तुरंत लाइन अटैच करते हुए निलंबन आदेश जारी कर दिया।
त्योहारों पर संवेदनशीलता की अपील
पुलिस अधीक्षकों की बैठक में यह भी कहा गया था कि तीज-त्योहार जैसे धार्मिक अवसरों पर महिलाएं और परिवारजन बड़ी संख्या में अपने रिश्तेदारों के साथ आना-जाना करते हैं। ऐसे में वाहन चेकिंग के नाम पर उन्हें अनावश्यक रूप से रोकना और परेशान करना सामाजिक माहौल बिगाड़ सकता है। एसएसपी ने इस पूरे मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए साफ कहा कि आने वाले समय में अगर कोई भी थाना प्रभारी या पुलिसकर्मी ऐसे आदेशों की अवहेलना करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



