रायपुर। सड़क हादसे में दिव्यांग हुए भाजपा नेता बिशंभर यादव के इलाज की जिम्मेदारी आखिरकार भाजपा ने अपने हाथों में ले ली है। मुख्यमंत्री से इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगने के बाद मामला तूल पकड़ गया और इंटरनेट मीडिया में पार्टी की जमकर किरकिरी हुई। अब भाजपा के मंत्री और विधायक सक्रिय हुए और यादव को देर रात एंबुलेंस से रायपुर लाकर एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनका इलाज आईसीयू में जारी है।

बुधवार देर शाम कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी और अन्य पदाधिकारी बिशंभर यादव के गांव तेलईकछार पहुंचे। वहां यादव ने दो टूक कहा कि लगातार उपेक्षा के कारण उन्होंने इच्छा मृत्यु की मांग की है। इसके बाद नेताओं ने तुरंत एंबुलेंस की व्यवस्था कर उन्हें रायपुर भेजा और हर संभव मदद का भरोसा दिया। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल एम्स रायपुर पहुंचे। उन्होंने आईसीयू में भर्ती यादव से मुलाकात की और चिकित्सकों से इलाज की पूरी जानकारी ली। मंत्री ने डॉक्टरों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए और यादव को आश्वासन दिया कि सरकार और संगठन दोनों उनके साथ हैं।

See also  क्षितिज 24 का तीसरा दिन रहा रचनात्मकता, खेल और संगीत का अविस्मरणीय उत्सव

बता दें कि दो साल पहले प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने रायपुर जाते समय बेमेतरा के पास हुए सड़क हादसे में बिशंभर यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उस हादसे के बाद से वे स्थायी दिव्यांग हो गए। आर्थिक तंगी और संगठन की उपेक्षा से व्यथित होकर उन्होंने हाल ही में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगी थी। डॉक्टरों का कहना है कि उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।