रायपुर। CG News : छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिलों की सीमा से लगे अबूझमाड़ के घने जंगलों में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस कार्रवाई में दंतेवाड़ा और नारायणपुर की डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) की संयुक्त टीम शामिल थी। यह मुठभेड़ पूर्वी बस्तर डिवीजन के सक्रिय नक्सली दलों के साथ हुई।
बताया जा रहा है कि पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि अबूझमाड़ के दुर्गम जंगलों में नक्सलियों का बड़ा जमावड़ा हो रहा है। इसी जानकारी के आधार पर DRG की टीमें जंगल में सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना की गईं। ऑपरेशन के दौरान जब सुरक्षा बल जंगल के भीतर पहुंचे, तो घात लगाए नक्सलियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। जवानों ने भी तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई यह मुठभेड़ कई घंटों तक चलती रही।
मुठभेड़ के दौरान कई 5-6 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है। मुठभेड़ समाप्त होने के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे जंगल में गहन सर्चिंग शुरू की है। इस मुठभेड़ में सुरक्षा बलों को कोई नुकसान नहीं हुआ और सभी जवान सुरक्षित हैं।


