0 नहीं हो रहा है एसओपी का पालन
रायगढ़। रायगढ़ के पावर प्लांटों को फ्लाई एश परिवहन के एसओपी का पालन कराने सख्ती बरती गई, लेकिन दूसरे प्रांतों के पावर प्लांट को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। झारसुगुड़ा की वेदांता कंपनी से निकला फ्लाईएश रायगढ़ की सडक़ों पर गिर रहा है। खरसिया में एक गाड़ी पकड़ी गई जिससे गीला फ्लाई एश गिरता जा रहा था।
दरअसल सभी ताप विद्युत संयंत्रों को उत्सर्जित फ्लाई एश के यूटीलाइजेशन के लिए केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने निर्देश जारी किए हैं। एनजीटी ने भी समय-समय पर एश परिवहन में सावधानी बरतने का आदेश दिया है। छग पर्यावरण संरक्षण मंडल ने प्रदेश के अंदर फ्लाई एश परिवहन के लिए मानक संचालन प्रक्रिया तय की है। छग में सभी प्लांट को इसका पालन करना अनिवार्य है। इसी कड़ी में रायगढ़ में गठित ज्वाइंट कमेटी निरीक्षण भी करती है। मौके पर ही प्लांटों को पेनाल्टी की जाती है, लेकिन ओडिशा के पावर प्लांटों को इस नियम से कोई फर्क ही नहीं पड़ता।
उड़ीसा में नहीं बनी है कोई एसओपी
सच तो यह है कि ओडिशा पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ने कोई एसओपी ही नहीं बनाई है। इसका नुकसान रायगढ़ जिले को हो रहा है। झारसुगुड़ा के वेदांता प्लांट का फ्लाई एश रायगढ़ से पत्थलगांव स्टेट हाईवे 49 के निर्माण में उपयोग किया जा रहा है। उरगा से पत्थलगांव तक रोड निर्माण में इसे डाला जा रहा है। रायगढ़ से होकर कंपनी के ट्रेलर गुजर रहे हैं। इन वाहनों में मानक संचालन प्रक्रिया का उल्लंघन किया जा रहा है।
रास्ते भर रिसता है गीला फ्लाई एश
ट्रेलर में लोड गीला फ्लाई एश पूरे रास्ते रिसकर गिरता रहता है। ट्रक और हाईवा के ट्रॉली का फ्लोर डैमेज है। ट्रॉली से भी ऊपर तक एश भरा जाता है। तिरपाल से ठीक से ट्रॉली को कवर नहीं किया जाता। इसी कड़ी में खरसिया के चोढ़ा चौक में वेदांता कंपनी की गाड़ी एचआर 46 जी 8485 को रोककर जांच की गई। इस ट्रेलर में गीला फ्लाई एश डाला गया था और पूरे नेशनल हाईवे में राखड़ गिरता जा रहा था।
पूर्व में कार्रवाई के लिए लिखा था पत्र
छग में एसओपी बनने के बाद इस तरह से परिवहन करने पर पेनाल्टी का प्रावधान किया गया है, लेकिन रोड पर हर समय कोई तैनात नहीं रह सकता। इसलिए कोई डर ही नहीं है। पूर्व में वेदांता लिमिटेड झारसुगुड़ा पर कार्रवाई के लिए ओडिशा पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड को पत्र लिखकर सूचित किया गया था। इसके बावजूद कोई एक्शन नहीं लिया गया। जब तक वाहन जब्त नहीं होंगे तब तक कोई फर्क नहीं पड़ेगा। यह बात भी समझ से परे है कि एनटीपीसी दर्रीपाली का एश उरगा से पत्थलगांव रोड में डाला जा रहा है जबकि यह स्पॉट एनटीपीसी लारा को नजदीक पड़ता। यहां परिवहन ठेका का कोई बड़ा खेल हो रहा है।


