टीआरपी डेस्क। Misuse of AI : नवा रायपुर स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) में एक छात्र के कारनामे ने सबके होश उड़ा दिए। कॉलेज के इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (ECE) विभाग के एक छात्र ने AI से 36 छात्राओं की अश्लील तस्वीरें बना रखी थी। जब छात्र के लैपटॉप और मोबाइल की जांच की गई तो लगभग 1 हजार तस्वीरें और वीडियो बरामद किए गए हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन तस्वीरों को AI की मदद से अश्लील बनाया गया और इनमें कॉलेज की 36 छात्राओं के फोटो शामिल हैं। छात्राओं को जब इस मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने तुरंत कॉलेज प्रबंधन से शिकायत की। इस पर प्रबंधन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी छात्र के कमरे की तलाशी लेकर उसका फोन, लैपटॉप और पेनड्राइव जब्त किए। प्रारंभिक जांच में छात्राओं की शिकायतें सही पाई गई है।
छात्राओं की शिकायत पर महिला स्टाफ की एक कमेटी गठित की गई है, जो तकनीकी पहलुओं के साथ अन्य पहलुओं पर भी मामले की गहन जांच कर रही है। इसके साथ ही IIIT प्रबंधन ने छात्र को निलंबित कर दिया और उसके परिजनों को बुलाकर उसे कॉलेज छोड़ने के निर्देश दिए।
संस्थान पर मामला दबाने का आरोप
Misuse of AI : मामले को लेकर छात्राओं ने आरोप लगाया है कि कॉलेज प्रबंधन मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है। छात्राओं का कहना है कि “हमारी निजी फोटोज को AI टूल्स की मदद से अश्लील बनाया गया, आरोपी ने कई फेक फोटो और वीडियो तैयार किए हैं। यह हमारी इज्जत को ठेस पहुंचाने वाला मामला है।”


