टीआरपी डेस्क। Game of Fire : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक खौफनाक वीडियो सामने आया है, जहां एक क्लब पार्टी में चल रही मस्ती हादसे में तब्दील हो गई। सर्किल क्लब, राजपुर रोड में आयोजित एक नाइट पार्टी में 2 बारटेंडर्स का आग उगलने का स्टंट उन पर ही भारी पड़ गया। शो के दौरान शराब में आग लगाकर उसे मुंह से उड़ाने की कोशिश कर रहे बारटेंडर्स के चेहरे आग की लपटों से झुलस गए।

पलभर में हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डांस और म्यूजिक के बीच जब फ्लेयर बारटेंडिंग शो शुरू हुआ, तो सबकुछ सामान्य लग रहा था लेकिन जैसे ही बारटेंडर ने शराब में आग लगाकर स्टंट करने की कोशिश की, चिंगारी पलभर में वापस मुंह की ओर लौट आई और उनके चेहरे को झुलसा दिया। क्लब में उस समय सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद थे। शुक्र रहा कि आग ज्यादा नहीं फैली, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।

See also  Hanuman Jayanti 2026 Daan Upay: हनुमान जयंती पर बना दुर्लभ संयोग: अपनी राशि के अनुसार कर दें इन चीजों का दान, टल जाएंगे सारे बड़े संकट!

वीडियो वायरल, पुलिस ने की कार्रवाई

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। राजपुर थाना इंचार्ज प्रदीप रावत ने बताया कि जांच के बाद क्लब प्रबंधन पर ₹10,000 का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही उन्हें सख्त हिदायत दी गई है कि भविष्य में इस तरह के खतरनाक स्टंट दोबारा न किए जाएं।

लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अगर भविष्य में इस प्रकार की गैर-जिम्मेदाराना गतिविधि दोबारा हुई तो क्लब का लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश की जाएगी।

बारटेंडर्स की हालत स्थिर

झुलसे हुए दोनों बारटेंडर्स को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद क्लब में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई थी।

Game of Fire : सिर्फ मनोरंजन के लिए आग से खेलने का यह चलन लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है। क्लब, आयोजकों और बारटेंडर्स को ऐसी घटनाओं से सबक लेने की जरूरत है, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।

See also  बिना पैसे खर्च किए स्लीपर के खर्च पर अब सेकेंड एसी में सफर; रेलवे दे रहा है ये सुविधा