टीआरपी डेस्क। भारतीय क्रिकेट जगत में एक नाम तेजी से उभर रहा है। एक समय तक विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसी हस्तियां भारत में सबसे अधिक सर्च (गूगल पर) की जाने वाली क्रिकेटरों में शामिल रहती थीं, वहीं 2025 में यह परंपरा टूट गई। इस बार गूगल की ‘ईयर इन सर्च 2025’ रिपोर्ट में सुर्खियों में रहा एक 14 वर्षीय उभरता हुआ बल्लेबाज, वैभव सूर्यवंशी, जिसने अपनी तूफानी बल्लेबाजी और रिकॉर्डतोड़ उपलब्धियों से क्रिकेट में नया तूफान ला दिया है।

आईपीएल से शुरू हुई लोकप्रियता की उड़ान
आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स की जर्सी पहनते हुए सूर्यवंशी ने ऐसा खेल दिखाया कि दर्शक ही नहीं, दिग्गज खिलाड़ी भी हैरान रह गए। उन्हें 1.1 करोड़ रुपये की कीमत पर टीम में शामिल किया गया और उन्होंने इस भरोसे को शानदार प्रदर्शन के साथ साबित किया। मात्र सात मुकाबलों में 252 रन बनाते हुए उन्होंने अपने इरादे साफ कर दिए। गुजरात टाइटंस के खिलाफ उनकी आतिशी पारी IPL इतिहास की सबसे यादगार पारियों में शुमार हो गई। उन्होंने 35 गेंदों में शतक ठोककर दुनिया को हैरान कर दिया।

See also  Chhattisgarh High Court : परंपरा बचाने वाला सर्कुलर असंवैधानिक नहीं! धर्मांतरण पर रोक नहीं, पर नफरत फैलाने की इजाजत भी नहीं: हाईकोर्ट

नए सितारों का जलवा
भारत में इस साल गूगल पर सबसे अधिक खोजे गए क्रिकेटरों की सूची में दूसरे स्थान पर रहे पंजाब किंग्स के युवा सितारे प्रियांश आर्या, जिन्होंने 17 मैचों में 475 रन बनाए और टीम को खिताबी मुकाबले तक पहुंचाया। तीसरे स्थान पर रहे अभिषेक शर्मा, जो मौजूदा समय में दुनिया के नंबर-एक टी20 बल्लेबाज हैं और अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के चलते विश्वभर के क्रिकेट प्रेमियों के पसंदीदा बन चुके हैं।

महिला क्रिकेट का बढ़ता कद
सूची में पांचवें स्थान पर रही भारतीय महिला टीम की स्टार जेमिमा रॉड्रिग्स, जिन्होंने महिला विश्व कप 2025 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रिकॉर्डतोड़ शतक जड़कर न केवल टीम को जीत दिलाई, बल्कि इस प्रदर्शन से ही भारत फाइनल में जगह बना पाया।

वैभव की लोकप्रियता भारत से बाहर
गूगल की वैश्विक रिपोर्ट ‘ईयर इन सर्च 2025’ के मुताबिक वैभव सूर्यवंशी दुनिया के सर्वाधिक सर्च किए गए व्यक्तियों की लिस्ट में भी छठे स्थान पर रहे। यह उपलब्धि बताती है कि उनकी चर्चा अब केवल भारतीय सीमाओं तक सीमित नहीं है।

See also  Budget 2024 : एक करोड़ युवाओं को हर माह मिलेगा 5000 रुपए प्रति भत्ता, 2 लाख करोड़ रुपये का किया गया आवंटन

जूनियर क्रिकेट में लगातार धमाका
अंतरराष्ट्रीय अंडर-19 क्रिकेट में भी वैभव ने कमाल किया है। इंग्लैंड दौरे पर 78 गेंदों में 143 रन की पारी खेलते हुए उन्होंने अंडर-19 वनडे में सबसे तेज शतक का नया रिकॉर्ड स्थापित किया। उन्होंने यह शतक सिर्फ 52 गेंदों में बनाया, जो अब तक के रिकॉर्ड से एक गेंद तेज था। उस सीरीज में कुल 355 रन बनाकर वे टॉप स्कोरर रहे।

एशिया कप और घरेलू क्रिकेट में दबदबा
राइजिंग स्टार्स एशिया कप में भारत-ए का प्रतिनिधित्व करते हुए सूर्यवंशी ने 42 गेंदों में 144 रन ठोककर एक बार फिर अपनी सनसनीखेज बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी वह सबसे युवा शतकवीर बनकर उभरे हैं।