टीआरपी डेस्क। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को शेयर बाजार कमजोर रुख के साथ खुला। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ ओपन हुए। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 300 अंकों से अधिक टूटकर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी भी 100 अंकों से ज्यादा फिसल गया। इस दौरान एयरलाइन कंपनी इंडिगो का शेयर सबसे ज्यादा चर्चा में रहा, जो खुलते ही नीचे आ गया और शुरुआती कारोबार में लगभग 5 प्रतिशत तक गिर गया। बीते छह दिनों से जारी एयरलाइन संकट का असर कंपनी की पैरेंट कंपनी इंटरग्लोब एविएशन के शेयर पर भी स्पष्ट दिखाई दिया।

सेंसेक्स की बात करें तो यह अपने पिछले बंद स्तर 85,712.37 की तुलना में गिरकर 85,624.84 पर खुला। इसके बाद गिरावट जारी रही और 15 मिनट के भीतर यह 300 अंकों से अधिक लुढ़ककर 85,389 के स्तर पर पहुंच गया।

इसी तरह निफ्टी भी पिछले बंद 26,186.45 के मुकाबले गिरावट के साथ 26,159 पर खुला और कुछ ही देर में फिसलकर 26,077 के स्तर तक पहुंच गया।

See also  हाईकोर्ट का बड़ा फैसला- PSC मेन्स परीक्षा पर लगी रोक, 18 अक्टूबर से होनी थी परीक्षाएं

इंडिगो एयरलाइन का संकट थमता नजर नहीं आ रहा है। उड़ानों की देरी, रद्दीकरण और रिशेड्यूलिंग की स्थिति जारी है, जिसका असर सीधे कंपनी के शेयरों पर दिख रहा है। इंटरग्लोब एविएशन का शेयर सोमवार को गिरावट के साथ 5110 रुपये पर खुला और तेजी से टूटकर 5001 रुपये तक आ गया। 5 दिसंबर के बंद भाव 5367.50 रुपये की तुलना में यह बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। शेयर कीमतों में गिरावट के साथ कंपनी का बाजार पूंजीकरण भी घटकर 1.99 लाख करोड़ रुपये रह गया है। पिछले पांच कारोबारी दिनों में ही इसके शेयर में लगभग 12 प्रतिशत की गिरावट आई है।

बाजार में गिरावट के बीच बीएसई लार्जकैप में BEL, बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व के शेयर क्रमशः 2.47 प्रतिशत, 2 प्रतिशत और 1.10 प्रतिशत गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। मिडकैप श्रेणी में केंस, गोदरेज प्रॉपर्टीज, प्रेस्टिज, बीडीएल और एसजेवीएन के शेयर 2 से 4 प्रतिशत तक की गिरावट में रहे। स्मॉलकैप श्रेणी में एसआरएम और रिलायंस इंफ्रा के शेयर क्रमशः 5.50 प्रतिशत और 4.97 प्रतिशत टूटकर कारोबार करते दिखाई दिए।

See also  Share Market : आज हरे निशान के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स 900 अंक चढ़ा