Indigo Flight Crisis: देश की सबसे बड़ी एयरलाइंस इंडिगो पर से संकट के बादल छटने का नाम नहीं ले रहे यात्रियों की परेशानी लगातार 7वें दिन भी जारी है। इस बारे में आज नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने जानकारी देते हुए कहा कि 1 से 7 दिसंबर 2025 के बीच 5,86,705 टिकट रद्द हुए और उनका पैसा वापस किया गया।

टिकट कैंसिल होने की वजह से यात्रियों को 569.65 करोड़ रुपये का रिफंड किया गया। 21 नवंबर से 7 दिसंबर 2025 के बीच 9,55,591 टिकट रद्द हुए और इससे कुल 827 करोड़ रुपये रिफंड किए गए। मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार अब तक कुल 9000 बैगों में से 4500 बैग यात्रियों को डिलीवर किए हैं। अगले 36 घंटों में बाकी बैग डिलीवर किए जाएंगे। 8 दिसंबर को इंडिगो ने 138 डेस्टिनेशन में से 137 के लिए 1802 फ्लाइट ऑपरेट करने की योजना बनाई है, जिसमें 500 फ्लाइट कैंसिल हैं।

बता दें कि एक दिन पहले भी एयरलाइन ने 650 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी थीं। हालांकि कंपनी ने 2,300 डेली फ्लाइट्स में से 1,650 संचालित करने का दावा भी किया। इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने कहा कि हालात रोज बेहतर हो रहे हैं और 10 दिसंबर तक ऑपरेशन नॉर्मल होने की उम्मीद है। इंडिगो ने कहा कि मौजूदा संकट की वजह जानने के लिए ‘रूट कॉज एनालिसिस’ होगा।

See also  उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ पहुंचे रायपुर, सेंट्रल यूनिवर्सिटी में मेधावी छात्रों को देंगे पदक

जानकारी के अनुसार नई एफडीटीएल व्यवस्था लागू होने के चलते क्रू प्लानिंग में बफर की कमी संकट की मुख्य वजह रही। इंडिगो के पास पायलटों की कमी नहीं है, बस बाकी एयरलाइंस जितना ‘बफर’ स्टाफ नहीं था। इस मामले में संसद की परिवहन, पर्यटन और संस्कृति मामलों की समिति भी इंडिगो और डीजीसीए के अधिकारियों को तलब कर सकती है।

वहीं राज्यसभा में सिविल एविएशन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि इंडिगो संकट उसके क्रू रोस्टरिंग और इंटरनल प्लानिंग सिस्टम में समस्याओं के कारण हुआ, इससे यात्रियों को काफी दिक्कतें हुईं। उन्होंने सख्ती से कहा कि सरकार इसे हल्के में नहीं लेगी और इसकी जांच जारी है। लोकसभा में भी इंडिगो संकट को लेकर जमकर हंगामा हुआ।

इधर, सुप्रीम कोर्ट ने इंडिगो के खिलाफ दायर याचिका पर तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया है। भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा कि भारत सरकार पहले ही इस मुद्दे पर एक्शन ले चुकी है। अब इंडिगो संकट मामले पर सुनवाई 10 दिसंबर को होगी।

See also  ऑपरेशन सिंदूर पर सेना का बड़ा खुलासा; हम अगली कार्रवाई के लिए तैयार

बता दें कि इंडिगो एयरलाइंस की पैरेंट कंपनी इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड के शेयर में सोमवार को बड़ी गिरावट आई। बाजार खुलने के दो घंटे में ही शेयर 7% से ज्यादा गिर गया। सुबह 11:30 बजे BSE पर इंडिगो का शेयर 7.44% की गिरावट के साथ 4971.75 रुपये पर बिजनेस कर रहा था।