टीआरपी डेस्क।  देश में बुलेट ट्रेन चलाने का सपना जल्द साकार होने जा रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नए साल के पहले दिन देशवासियों को बड़ी सौगात देते हुए घोषणा की कि 15 अगस्त 2027 से भारत में बुलेट ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले चरण में सूरत से वापी के बीच करीब 100 किलोमीटर के खंड में बुलेट ट्रेन चलाई जाएगी।

रेल मंत्री ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि अगले स्वतंत्रता दिवस पर बुलेट ट्रेन की सवारी करने के लिए लोग अभी से तैयारी कर सकते हैं। बुलेट ट्रेन परियोजना को लेकर देशभर में उत्साह है और इसे आधुनिक भारत की पहचान के रूप में देखा जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि देश की पहली बुलेट ट्रेन अहमदाबाद और मुंबई के बीच चलाने की योजना है। परियोजना पूरी होने के बाद दोनों महानगरों के बीच 508 किलोमीटर की दूरी महज 2 घंटे 17 मिनट में तय की जा सकेगी। वर्तमान में इस प्रोजेक्ट का लगभग 55 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। पिछले वर्ष नवंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सूरत में परियोजना की प्रगति की समीक्षा भी की थी।

See also  इवेंट मैनेजर हैं पीएम मोदी... कोरोना की दूसरी लहर को समझ ही नहीं पाए- राहुल गांधी

पूरे रूट में 352 किलोमीटर का हिस्सा गुजरात और दादरा व नगर हवेली में और156 किलोमीटर महाराष्ट्र में पड़ता है। इस परियोजना को नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा जापान के सहयोग से विकसित किया जा रहा है।

बुलेट ट्रेन जापान की शिंकानसेन तकनीक पर आधारित होगी, जिसकी अधिकतम गति 320 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। इस रूट पर कुल 12 स्टेशन प्रस्तावित हैं, जिनमें अहमदाबाद, वडोदरा, भरूच, सूरत, वापी, ठाणे और मुंबई प्रमुख हैं। परियोजना का करीब 85 प्रतिशत हिस्सा एलिवेटेड होगा, जिसमें से 326 किलोमीटर का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है।

दुनिया के कई देशों में बुलेट ट्रेन का संचालन हो रहा है। जापान ने वर्ष 1964 में सबसे पहले बुलेट ट्रेन की शुरुआत की थी, जबकि चीन के पास वर्तमान में सबसे बड़ा हाई स्पीड रेल नेटवर्क है। स्पेन, फ्रांस, जर्मनी, दक्षिण कोरिया, इटली और ताइवान भी इस क्षेत्र में अग्रणी हैं। वहीं अमेरिका, इंडोनेशिया और मोरक्को जैसे देशों में हाई स्पीड रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है।

See also  हादसा: बच्ची को बचाने के दौरान कुएं में गिरे 30 से ज्यादा लोग, चार की मौत