टीआरपी। National Commission for Women : छत्तीसगढ़ में महिला आयोग के द्वारा की जा रही जनसुनवाई की प्रक्रिया अब पूरे देश के महिला आयोग के द्वारा अपनाई जाएगी। महिलाओं को न्याय दिलाने में छत्तीसगढ राज्य महिला आयोग को आदर्श माना गया है।

नई दिल्ली के भारत मण्डपम में शक्ति संवाद कार्यक्रम में देशभर से राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष व सचिव शामिल हुए। छत्तीसगढ से अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक एवं सचिव रमेश कुमार साहू ने उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रहीं।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सभी महिला आयोग की अध्यक्षों को बधाई व शुभकामनाएं दी। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर ने छत्तीसगढ़ में महिला आयोग के द्वारा की जा रही जनसुनवाई की प्रक्रिया को देशभर में सर्वश्रेष्ठ बताया। जिस तरह छत्तीसगढ़ में हर जिले में सुनवाई की जाती है। इसी तरह देशभर में विविध राज्यों के अध्यक्षों एवं सचिवों से कहा गया कि वे भी छत्तीसगढ़ की तरह अपने राज्यों में दूरदराज क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं को न्याय दिलाने सुनवाई करें।

See also  20 नवंबर से भाठागांव टर्मिनल अंतरराज्यीय बस स्टैंड को शुरू करने की तैयारी

महिला दिवस पर 300 जिलों में सुनवाई का लक्ष्य

राष्ट्रीय अध्यक्ष राहटकर ने बताया कि उन्होंने अपने 09 माह के कार्यकाल में 85 जनसुनवाई की और महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाया है। अंर्तराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 08 से 13 मार्च तक लगातार 400 जिलों में जनसुनवाई का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस हेतु सभी राज्य के महिला आयोग को 06 दिनों में अपने समस्त जिलों में जनसुनवाई कार्यक्रम रखना होगा। जिसकी रूपरेखा राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा भेजी जाएगी।

लखपति दीदी की पेंटिंग भेंट

राष्ट्रीय महिला आयोग ने लखपति दीदी की पेंटिंग प्रत्येक राज्यों से मंगाई थी। जिसमें कुम्हारपारा, कोण्डागांव छत्तीसगढ़ की लखपति दीदी सोनीबाई चक्रधारी की पेंटिंग राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष को भेंट की गई। सभी राज्यों की लखपति दीदी की पेंटिंग की प्रदर्शनी भी राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा लगाई जाएगी।