कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तौलीपाली कोल ब्लॉक की नीलामी को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। अपनी ज़मीन और पर्यावरण को बचाने के लिए सैकड़ों ग्रामीणों ने उरगा-कुदमुरा मार्ग पर चक्का जाम कर दिया है।

कोरबा जिले के वनांचल क्षेत्र को बचाने के लिए गांव वाले प्रयासरत हैं। इसी कड़ी में यहां के तौलीपाली कोल ब्लॉक की नीलामी की प्रक्रिया शुरू होते ही स्थानीय ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। उरगा-कुदमुरा मार्ग पर चक्का जाम होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले एक साल से शांतिपूर्ण तरीके से इस नीलामी का विरोध कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है। हाल ही में क्षेत्र में हुए हवाई और ड्रोन सर्वे ने ग्रामीणों के सब्र का बांध तोड़ दिया, जिसके बाद अब भारी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए।

See also  रनवे पर उछला स्टेट प्लेन, मंत्री चौधरी ने दिए एफआईआर के निर्देश, कलेक्टर ने बनाई जांच समिति

इस जाम की वजह से कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और जशपुर जाने वाले यात्री बीच राह में फंस गए। प्रदर्शनकारियों ने न केवल भारी वाहनों, बल्कि दोपहिया वाहनों और पैदल चलने वालों सेभी सहयोग मांगा। हालांकि, जाम में फंसे कुछ लोगों का कहना है कि वे ग्रामीणों की मांगों का समर्थन करते हैं, लेकिन इस चक्का जाम से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

नीलामी प्रक्रिया को बंद करने की मांग

ग्रामीणों की मुख्य मांग है कि तौलीपाली कोल ब्लॉक की नीलामी प्रक्रिया को तुरंत रद्द किया जाए। वनांचल क्षेत्र में किसी भी प्रकार के कोयला खनन पर पूर्ण रोक लगे। क्षेत्र में किए जा रहे हवाई और ड्रोन सर्वे को बंद किया जाए।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन ग्रामीणों के इस उग्र प्रदर्शन के बाद क्या कदम उठाता है। क्या सरकार नीलामी की प्रक्रिया को रोकेगी या फिर यह विवाद और गहराएगा?