काठमांडू: पड़ोसी देश नेपाल से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर आ रही है। बालेन शाह सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी सर्जिकल स्ट्राइक तेज करते हुए पूर्व ऊर्जा मंत्री दीपक खड़का को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई रविवार तड़के एक पुराने जमीन घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में की गई है।

काठमांडू से मिल रही जानकारी के मुताबिक, दीपक खड़का पर सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने का गंभीर आरोप है। दरअसल, जब Gen-Z प्रदर्शनों के दौरान उनके ठिकानों पर छापेमारी हुई थी, तब पुलिस भी दंग रह गई थी। खड़का के घर से न केवल भारी मात्रा में कैश बरामद हुआ, बल्कि जले हुए नोटों के अवशेष भी मिले थे। फिलहाल, फॉरेंसिक टीम इन नोटों की जांच कर रही है कि आखिर गिरफ्तारी से पहले कितने सबूत मिटाए गए।

भ्रष्टाचार के खिलाफ बालेन शाह का हटर

मेयर से सत्ता के केंद्र तक पहुंचे बालेन शाह ने साफ कर दिया है कि भ्रष्टाचार में डूबा कोई भी चेहरा बख्शा नहीं जाएगा। दीपक खड़का की गिरफ्तारी इसी कड़ी का हिस्सा है। इससे पहले पूर्व पीएम केपी शर्मा ओली और पूर्व गृहमंत्री रमेश लेखक पर भी गाज गिर चुकी है।

See also  राज्योत्सव के शिल्पग्राम में बेलमेटल, काष्ठ कला, माटी कला और टेराकोटा का आकर्षण

खड़का के साम्राज्य पर पुलिस की नजर

खड़का का काठमांडू के बूढानीलकण्ठ में एक आलीशान फाइव स्टार रिसोर्ट है, जिसे हॉलिडे इन ग्रुपमैनेज करता है। बता दें कि खड़का पूर्व पीएम शेर बहादुर देउवा की पत्नी डॉ. आरजू राणा के बिजनेस पार्टनर भी रहे हैं। खड़का का सत्ता के गलियारों में इतना दबदबा था कि उन्हें देउवा का सबसे भरोसेमंद माना जाता था।

फिलहाल, दीपक खड़का पुलिस की रिमांड पर हैं और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उनके आलीशान रिसोर्ट और बिजनेस साम्राज्य में लगा पैसा कहां से आया था।