Kerala CM VD Satheesan: केरल में चुनाव नतीजे आने के बाद पिछले 10 दिनों से चला आ रहा सस्पेंस आखिरकार खत्म हो गया। दिल्ली में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ हुई लंबी बैठकों के बाद कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि अब वीडी सतीशन ही केरल के नए मुख्यमंत्री होंगे। सतीशन का नाम फाइनल होते ही तिरुअनंतपुरम से लेकर दिल्ली तक हलचल तेज हो गई है।

राहुल के करीबी वेणुगोपाल को पछाड़ा

इस बार मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए लड़ाई आसान नहीं थी। रेस में राहुल गांधी के बेहद करीबी माने जाने वाले केसी वेणुगोपाल का नाम सबसे आगे चल रहा था। सूत्रों की मानें तो दिल्ली में बैठे कई बड़े नेता वेणुगोपाल के पक्ष में थे। लेकिन बाजी सतीशन मार ले गए। सतीशन की जमीन पर पकड़ और विधायकों के बीच उनकी लोकप्रियता ने उन्हें इस रेस में जीत दिला दी।

दिल्ली में फाइनल हुआ नाम

फैसला लेने से पहले बैठकों का अंतहीन दौर चला। पिछले हफ्ते ही अजय माकन और मुकुल वासनिक तिरुअनंतपुरम पहुंचे थे। उन्होंने एक-एक विधायक से अकेले में बात की। विधायकों का मूड भांपने के बाद रिपोर्ट दिल्ली भेजी गई। वहां राहुल गांधी ने भी केरल के नेताओं के साथ कई राउंड की मीटिंग की। अंत में जब सोनिया गांधी से सलाह ली गई, तब जाकर वीडी सतीशन के नाम पर मुहर लगी।

See also  ब्रेकिंग : कोरबा मेें महापौर का चुनाव आज, कांग्रेस के राजकिशोर और बीजेपी से रितू चौरसिया ने किया नामांकन

कौन हैं वीडी सतीशन?

सतीशन कोई नया चेहरा नहीं हैं। वो लंबे समय से केरल की राजनीति में एक्टिव हैं और विधानसभा में विपक्ष की दमदार आवाज रहे हैं। सतीशन की सबसे बड़ी ताकत उनका बेदाग चेहरा और संगठन पर मजबूत पकड़ है।

इन बातों ने बनाया सतीशन को नंबर-1

  • विधानसभा में सरकार को घेरने में वो हमेशा आगे रहे।
  • पार्टी के ज्यादातर नए और पुराने विधायक उनके नाम पर सहमत थे।
  • केरल के हर जिले में कार्यकर्ताओं के बीच उनकी अच्छी पहचान है।
  • उनकी छवि एक पढ़े-लिखे और सुलझे हुए नेता की है।

अब बस शपथ ग्रहण की तैयारी है। केरल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह दिख रहा है। सतीशन के लिए चुनौती अब सरकार चलाने और पार्टी के भीतर गुटबाजी को खत्म करने की होगी।