आरंग। रायपुर जिले के आरंग में हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। यहां ब्लॉक कॉलोनी वार्ड क्रमांक-5 में एक युवक ने अपनी कार समय पर ठीक न होने से नाराज होकर खुद ही गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। इस दौरान वह खुद भी झुलस गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

क्या है पूरा मामला..?

जानकारी के मुताबिक गालव सोनकर नामक युवक ने अपनी टाटा विस्टा कार मरम्मत के लिए सर्विस सेंटर में दी थी। बार-बार शिकायत और चक्कर लगाने के बाद भी कार ठीक नहीं हुई। न पार्ट्स बदले गए, न ही समस्या का समाधान हुआ। लगातार चक्कर लगाने से परेशान युवक का धैर्य जवाब दे गया।

पेट्रोल छिड़ककर लगा दी आग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लंबे समय से गाड़ी न मिलने और मरम्मत में देरी से नाराज गालव ने गुस्से में कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी। आग की लपटों की चपेट में आने से गालव सोनकर भी झुलस गया।

See also  आदिवासी नृत्य महोत्सव में शामिल होने के लिए रायपुर पहुंची नाइजीरिया की टीम, संस्कृति मंत्री ने किया स्वागत

अस्पताल में चल रहा इलाज

आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया और पुलिस व स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार, उसे आग से शरीर के कुछ हिस्से जल गए हैं

इलाके में अफरा-तफरी

सड़क पर खड़ी कार में लगी आग और धुएं का गुबार दूर से दिखाई दे रहा था। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोग मौके पर जुट गए।

पुलिस कर रही जांच

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस पता लगा रही है कि किन परिस्थितियों में वाहन मालिक ने यह कदम उठाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि मरम्मत में देरी से परेशान होकर युवक ने यह कदम उठाया, हालांकि सच्चाई जांच के बाद ही साफ होगी।