तेहरान/तेल अवीव: ईरान और इजरायल के बीच अप्रैल के महीने में हुआ सीजफायर महज दो महीने में ही टूट गया है। दोनों देशों के बीच एक बार फिर बेहद खतरनाक जंग शुरू हो गई है। रविवार की रात ईरान ने इजरायल की तरफ एक के बाद एक कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागकर सनसनी फैला दी। इस अचानक हुए हमले के बाद पूरे इजरायल में युद्ध के सायरन गूंजने लगे। हमले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने आम नागरिकों को तुरंत बंकरों और सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए।

हिजबुल्लाह पर हुए हमलों का बदला लेने के लिए दागीं मिसाइलें

ईरान की सेना यानी रेवोल्यूशनरी गार्ड ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। ईरानी सेना ने साफ कहा है कि यह कार्रवाई लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर इजरायल द्वारा लगातार किए जा रहे हमलों का सीधा जवाब है। ईरान के इस मिसाइल अटैक के बाद मिडिल ईस्ट में तनाव सातवें आसमान पर पहुंच गया है। वैश्विक स्तर पर भी इस टकराव को लेकर चिंताएं काफी बढ़ गई हैं।

See also  सावधान! कहीं आप भी तो नहीं खा रहे जहरीले आम? 7 टन रसायनों वाले आम जब्त, दो बड़े व्यापारी गिरफ्तार

इजरायल का पलटवार, पश्चिमी और मध्य ईरान के सैन्य ठिकानों को बनाया निशाना

ईरान के इस दुस्साहस के बाद इजरायल ने भी बिल्कुल देर नहीं की। मिसाइल हमले के कुछ ही घंटों बाद इजरायली वायुसेना ने ईरान के भीतर घुसकर जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। इजराइली डिफेंस फोर्सेज ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि उनके लड़ाकू विमानों ने पश्चिमी और मध्य ईरान में स्थित कई महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों को सफलतापूर्वक निशाना बनाया है। इजरायल ने साफ किया है कि अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए वे किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं।

तेहरान और इस्फहान समेत कई शहरों में गूंजे धमाके

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी इरना के मुताबिक, इजरायल के इस पलटवार के बाद राजधानी तेहरान, तबरीज और इस्फहान शहर में एक के बाद एक कई जोरदार विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। ईरानी रेवोल्यूशनरी गार्ड ने दावा किया है कि इजरायल ने इन हमलों को अंजाम देने के लिए हवा से दागी जाने वाली आधुनिक बैलिस्टिक मिसाइलें का इस्तेमाल किया है। धमाकों के बाद इन शहरों में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है।

See also  बच्चे रह गए हैरान... जब शिक्षक बन सीएम भूपेश बघेल ने चलाया भौरा और पूछा यह सवाल...

तीन देशों ने बंद किया अपना एयरस्पेस, उड़ानों पर लगी रोक

दोनों देशों के बीच शुरू हुए इस मिसाइल युद्ध का असर अब अंतरराष्ट्रीय हवाई मार्गों पर भी दिखने लगा है। हमलों के तुरंत बाद ईरान सरकार ने राजधानी तेहरान के इमाम खोमैनी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के आसपास के पूरे हवाई क्षेत्र को सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया है। इसके साथ ही पड़ोसी देश इराक ने अगले 72 घंटों के लिए और सीरिया ने अगले 12 घंटों के लिए अपना एयरस्पेस पूरी तरह बंद करने का बड़ा फैसला लिया है। इस वजह से खाड़ी देशों की तरफ जाने वाली तमाम अंतरराष्ट्रीय उड़ानें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।