बिलासपुर। सिरगिट्टी स्थित सेंट जेवियर स्कूल की नाबालिग छात्रा के चाकू की नोक पर अपहरण और दुष्कर्म के मामले में जिला श्रीवास-सेन समाज ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर

 प्रदर्शन किया। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी शिक्षक को फांसी, स्कूल बंद करने और प्रबंधन के जिम्मेदार अफसरों पर कार्रवाई की मांग को लेकर राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

बजरंग दल ने स्कूल में किया था प्रदर्शन 

गौरतलब है कि यह मामला 11 जून को सामने आया था। घटना के बाद बजरंग दल ने भी स्कूल का घेराव कर प्रदर्शन किया था। नाबालिग छात्रा के अपहरण और दैहिक शोषण की घटना से पूरे शहर में आक्रोश है।

प्रदर्शन के दौरान हुई धक्का-मुक्की

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत 23 जून को श्रीवास-सेन समाज के लोग कुदुदंड स्थित मां तुलजा भवानी मंदिर के सामने एकजुट हुए। सर्वसमाज ने भी इस आंदोलन में कंधे से कंधा मिलाकर समर्थन दिया। सभा के बाद बड़ी संख्या में युवक-युवतियां और समाज के वरिष्ठजन नारेबाजी करते हुए सड़क पर उतरे और कलेक्ट्रेट पहुंचे। 

See also  CG BIG NEWS : 27 अप्रैल को छत्तीसगढ़ आएंगे किसान नेता राकेश टिकैत, विशाल रैली को करेंगे सम्बोधित

प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात था। गेट बंद कर भीड़ को रोकने के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की भी हुई। बाद में अफसरों ने प्रतिनिधिमंडल को ज्ञापन देने अंदर बुलाया।

राष्ट्रपति-राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन, रखीं ये मांगें

समाज के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई:

1. पूरी घटना की निष्पक्ष जांच हो

2. दुष्कर्म के आरोपी शिक्षक को फांसी की सजा दी जाए

3. स्कूल का संचालन बंद कराया जाए

4. स्कूल प्रबंधन के जिम्मेदार अफसरों और शिक्षकों पर कड़ी कार्रवाई हो

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि “बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ” सिर्फ नारा न रहे। पालकों का भरोसा कायम रहे ताकि वे अपनी बेटियों को बेखौफ स्कूल भेज सकें।