नई दिल्ली/चंडीगढ़। सीबीआई ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा कैडर के आईपीएस अधिकारी दीपक गहलावत को गिरफ्तार कर लिया है। उन पर नकली दवा रैकेट की जांच में 3 करोड़ रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है। गिरफ्तारी के समय गहलावत नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) में रीजनल डायरेक्टर के पद पर तैनात थे।
क्या है पूरा मामला?
आरोप है कि दीपक गहलावत ने पुडुचेरी के व्यापारी एन. राजा को सीबीआई जांच में राहत दिलाने का भरोसा दिया था। इसके बदले उन्होंने सीबीआई अधिकारियों पर अपने प्रभाव का इस्तेमाल करने का दावा कर 3 करोड़ की रिश्वत मांगी थी। मामला नकली दवा बनाने वाले रैकेट की जांच से जुड़ा है।
ट्रैप ऑपरेशन से हुआ खुलासा
यह पूरा मामला बीते जून महीने में CBI द्वारा अंजाम दिए गए एक गुप्त ट्रैप ऑपरेशन से जुड़ा है। उस दौरान केंद्रीय एजेंसी ने दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह और एक कथित बिचौलिये राजकुमार को रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। इस मामले में गहराई से जांच करते हुए सीबीआई ने पहले ही इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह, बिचौलिये राजकुमार और पुडुचेरी के व्यापारी एन. राजा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। अब इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए आईपीएस अधिकारी दीपक गहलावत को भी सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।
छापेमारी में डिजिटल सबूत जब्त
गहलावत से जुड़े कई ठिकानों पर CBI ने सघन छापेमारी की। इस दौरान हार्ड डिस्क, डिजिटल डिवाइस और अहम दस्तावेज जब्त किए गए हैं। एजेंसी रिश्वत के पैसों के लेनदेन और रैकेट में शामिल अन्य अधिकारियों की भूमिका की जांच कर रही है।
5 दिन की रिमांड मांगी
गिरफ्तारी के बाद CBI ने दीपक गहलावत को दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया। एजेंसी ने गहन पूछताछ के लिए 5 दिन की हिरासत मांगी है। कोर्ट ने दलीलें सुनने के बाद आदेश सुरक्षित रख लिया है। CBI पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने में जुटी है।
पत्नी है IRS अफसर
एक तरफ कड़ी मेहनत से यूपीएससी क्रैक कर आईपीएस बनने की प्रेरणादायक कहानी, दूसरी तरफ ₹3 करोड़ की रिश्वत लेकर नकली दवाओं के माफिया को CBI जांच से राहत दिलाने का आरोप। हरियाणा कैडर के 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी दीपक गहलावत (Deepak Gahlawat) इन दिनों पूरे देश में चर्चा के केंद्र में हैं। उनकी पत्नी पत्नी सीमा धनखड़, भारतीय राजस्व सेवा (IRS) अधिकारी हैं।
हरियाणा के सोनीपत जिले के एक छोटे से गांव से निकलकर उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की और आईपीएस अधिकारी बने। वर्तमान में वह केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति (डेपुटेशन) पर तैनात थे। दीपक गहलावत हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव निजामपुर माजरा से ताल्लुक रखते हैं। उनका परिवार साधारण बैकग्राउंड का है…
पिता: कुलदीप सिंह (या कुलबीर सिंह), हरियाणा पुलिस में सब-इंस्पेक्टर/इंस्पेक्टर रह चुके।
माता: पीजीआई में ANM के पद पर कार्यरत रहीं।
पत्नी: सीमा धनखड़, भारतीय राजस्व सेवा (IRS) अधिकारी, वर्तमान में गुरुग्राम में आयकर आयुक्त।
कितने पढ़े-लिखे? प्रारंभिक शिक्षा DAV पब्लिक स्कूल से।
कुंजपुरा सैनिक स्कूल।
उच्च शिक्षा IIT रुड़की से।
UPSC सफर: 2010 की सिविल सेवा परीक्षा में दूसरी सूची में दूसरा रैंक हासिल किया। 2012 बैच के IPS अधिकारी बने। हरियाणा कैडर मिला।
उनकी उपलब्धियां सिर्फ नौकरी तक सीमित नहीं। हाल ही में उन्होंने वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स 2025 में वेटलिफ्टिंग में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। BCAS में तैनाती से पहले हरियाणा पुलिस में विभिन्न पदों पर काम किया, जिसमें साइबर क्राइम से जुड़े प्रयास भी शामिल थे।
यह कहानी दिखाती है कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाला व्यक्ति भी कड़ी मेहनत से टॉप पर पहुंच सकता है। लेकिन आज वही व्यक्ति भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार है। यह सिस्टम में गहराई से बैठी समस्या को दर्शाता है।



