Raipur Nagpur Duranto Express: हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में 2 करोड़ का विदेशी सोना बरामद, दो संदिग्ध गिरफ्तार, रायपुर और नागपुर आरपीएफ क्राइम ब्रांच ने पकड़ा
Raipur Nagpur Duranto Express: हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में 2 करोड़ का विदेशी सोना बरामद, दो संदिग्ध गिरफ्तार, रायपुर और नागपुर आरपीएफ क्राइम ब्रांच ने पकड़ा

Raipur Nagpur Duranto Express: रायपुर। हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में आरपीएफ क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.24 किलो विदेशी सोना बरामद किया है। बरामद सोने की कीमत करीब 1 करोड़ 96 लाख 34 हजार 307 रुपए आंकी गई है।

मामले में दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई आरपीएफ क्राइम ब्रांच रायपुर और नागपुर की टीम ने डीआरआई नागपुर के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से की। आरोपियों के पास से 7 सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ बरामद हुई है।

आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर के अधिकारियों को सूचना मिली थी कि ट्रेन नंबर 2262 हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस से दो व्यक्ति विदेशी सोना लेकर यात्रा कर रहे हैं। सूचना के आधार पर रायपुर और नागपुर आरपीएफ क्राइम ब्रांच की टीम ने डीआरआई नागपुर के अधिकारियों के साथ ट्रेन में तलाशी अभियान शुरू किया। संयुक्त टीम ने रायपुर से नागपुर के बीच ट्रेन के विभिन्न कोचों की जांच की। इस दौरान बी-12 कोच में दो संदिग्धों को चिन्हित कर उनकी तलाशी ली गई। दोनों को भंडारा-नागपुर के बीच पकड़ लिया गया।

See also  नई आरक्षण नीति से स्थानीय चुनाव में किस वर्ग को मिलेगा लाभ, किसका होगा नुकसान, आंकलन करने में जुटे राजनेता…

7 सोने के बिस्किट और एक छड़ बरामद

तलाशी के दौरान दोनों संदिग्धों के पास से 7 सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ बरामद हुई। सोने का कुल वजन करीब 1.242 किलोग्राम बताया गया है। जांच में सोने को विदेशी मूल का बताया गया है। आरपीएफ ने दोनों संदिग्धों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए डीआरआई नागपुर के सुपुर्द कर दिया है।

डीआरआई ने मामले में कस्टम एक्ट, 1962 की धारा 135 के तहत कार्रवाई शुरू की है। फिलहाल विदेशी सोना आरोपियों के पास कहां से आया और इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। डीआरआई इस पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।