Raipur Independence Day 2026: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में घुड़सवार दल, प्रदेश के पहले महिला बैगपाइपर बैंड और छत्तीसगढ़ पुलिस के श्वान दल ने शानदार प्रदर्शन किया। घुड़सवारों ने हॉर्स शो में साहस और कौशल दिखाया, महिला बैगपाइपर बैंड ने विभिन्न धुनों से माहौल देशभक्तिमय बनाया और प्रशिक्षित श्वानों ने विस्फोटक व नारकोटिक सामग्री की पहचान सहित कई रोमांचक प्रदर्शन किए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में हुए इन प्रदर्शनों को देखने के लिए मौजूद लोगों ने तालियों से उत्साह बढ़ाया।
घुड़सवार दल का हॉर्स शो रहा आकर्षण का केंद्र
स्वतंत्रता दिवस समारोह में तीसरी वाहिनी अमलेश्वर के घुड़सवार दल ने हॉर्स शो प्रस्तुत किया। दल ने फ्लैग मार्च, टेंट पैगिंग, नेजाबंदी शो, जंपिंग और गैलप राउंड जैसी प्रस्तुतियां दीं। आरक्षक धनेश्वर कंवर ने अश्व आदित्री पर फ्लैग मार्च किया। अजय कुमार यादव ने अश्व आभा पर स्टैंडिंग सैल्यूट प्रस्तुत किया। टेंट पैगिंग में अश्व रुद्र, अश्वस्थामा, प्रिंसेस सारा और शक्ति ने प्रदर्शन किया। वहीं, अश्व युवराज, अवनि, कावेरी, जूही और ओजस ने शो जंपिंग में अपनी प्रतिभा दिखाई। घुड़सवार दल के प्रदर्शन के दौरान पुलिस परेड ग्राउंड तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
महिला बैगपाइपर बैंड ने बांधा समां
आरक्षक सोनबती ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश के पहले महिला बैगपाइपर बैंड ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रस्तुति दी। 20वीं भारत रक्षित वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के 35 सदस्यों वाले इस बैंड ने क्विक मार्च के दौरान इंडिया गेट, केसरिया बाना, हार्श मेन, शांति सेना और पुलकित हिमालय जैसी धुनें बजाईं। बैंड ने स्लो मार्च में नवरंगी और तर्शपे रील के साथ ड्रम कॉल भी प्रस्तुत किया। सदस्यों ने सेरेमोनियल मेस बैंड, बेस, टेनर, साइड ड्रम और बैगपाइपर जैसे वाद्ययंत्रों पर धुनें बजाईं।
2022 में लिया था छह महीने का प्रशिक्षण
महिला बैगपाइपर बैंड के सदस्यों ने वर्ष 2022 में हरियाणा के पंचकुला स्थित आईटीबीपी के बीटीसी मानु में छह महीने का प्रशिक्षण लिया था। इस बैंड ने वर्ष 2024 में नागालैंड के दीमापुर में आयोजित 25वीं अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया था। यह प्रतियोगिता असम राइफल्स के दीमापुर प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित हुई थी। इसके अलावा हैदराबाद में आयोजित 26वीं अखिल भारतीय पुलिस पाइप बैंड प्रतियोगिता में भी दल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और गोल्ड मेडल हासिल किया। इस प्रतियोगिता में सोनबती ठाकुर को बेस्ट कंडक्टर और पूरे प्लाटून में ऑल राउंडर द बेस्ट का खिताब मिला था।
श्वान दल ने दिखाया दक्षता और अनुशासन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में छत्तीसगढ़ पुलिस के डॉग स्क्वाड ने भी अपनी दक्षता, अनुशासन और सूंघने की क्षमता का प्रदर्शन किया। स्क्वाड प्रभारी राज कपूर के नेतृत्व में प्रशिक्षित श्वानों ने सात विधाओं में हैंडलर्स के निर्देशों का पालन करते हुए प्रदर्शन किया। पुलिस डॉग मैक्स ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रशिक्षित श्वानों ने कमल फूल की आकृति में खुद को व्यवस्थित कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

आग के बीच से छलांग लगाकर रोमांचित किया
प्रशिक्षित श्वानों ने गोल रिंग में सिट, डाउन, रेस्ट, स्लीप, रोल और अप जैसे निर्देशों को पूरा किया। इसके बाद श्वान दुलार, मेरी और शिवा ने आग से जल रही गोल रिंग के बीच से छलांग लगाई। इस प्रदर्शन ने समारोह में मौजूद लोगों को रोमांचित कर दिया।
विस्फोटक और नारकोटिक सामग्री खोजने का प्रदर्शन
श्वान दल ने पुलिस की जांच और सुरक्षा व्यवस्था में प्रशिक्षित डॉग्स की उपयोगिता भी दिखाई। प्रशिक्षित श्वानों ने जमीन में दबे विस्फोटक पदार्थों और नारकोटिक सामग्री को खोजकर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। इसके अलावा कई गंधों के मिश्रण में से निर्धारित गंध की पहचान करने का भी प्रदर्शन किया गया। श्वानों ने रूमाल सूंघकर संबंधित व्यक्ति की पहचान करने की अपनी क्षमता दिखाई।


